जब भी कोई नया घर बसाता है या एक जगह से दूसरी जगह शिफ्ट होता है, तो सबसे पहले रसोई का जरूरी सामान खरीदा जाता है। इसमें बर्तन, चम्मच, गैस से जुड़े उपकरण और चाकू जैसी चीजें शामिल होती हैं। हालांकि, कई लोग कुछ रुपये बचाने के लिए कम कीमत वाला चाकू खरीद लेते हैं। शुरुआत में यह सौदा फायदेमंद लग सकता है, लेकिन बाद में यही फैसला परेशानी की वजह बन सकता है। चाकू रसोई में रोज इस्तेमाल होने वाला सबसे अहम उपकरण है, इसलिए इसकी गुणवत्ता से समझौता नहीं करना चाहिए।
खराब धातु से बने चाकू से बढ़ सकता है जोखिम
चाकू खरीदते समय सबसे पहले उसकी धातु की गुणवत्ता पर ध्यान देना चाहिए। अच्छी क्वालिटी के चाकू मजबूत स्टेनलेस स्टील से बनाए जाते हैं, जो लंबे समय तक टिकते हैं और जल्दी खराब नहीं होते। वहीं, बेहद सस्ते चाकू अक्सर निम्न गुणवत्ता वाली धातु से तैयार किए जाते हैं। ऐसे चाकू कुछ समय बाद जंग पकड़ने लगते हैं या उनकी सतह का रंग बदल जाता है। यदि जंग लगा चाकू लगातार फल, सब्जियों या अन्य खाद्य पदार्थों को काटने में इस्तेमाल किया जाए, तो उसकी परत भोजन के संपर्क में आ सकती है, जो स्वास्थ्य के लिए ठीक नहीं मानी जाती। यही कारण है कि भरोसेमंद ब्रांड के चाकू आमतौर पर बहुत कम कीमत में उपलब्ध नहीं होते।
कमजोर धार बन सकते हैं हादसे की वजह
कम कीमत वाले चाकुओं की दूसरी बड़ी कमी उनकी धार होती है। ऐसे चाकू जल्दी कुंद हो जाते हैं, जिससे सब्जियां या फल काटने में अधिक ताकत लगानी पड़ती है। ज्यादा दबाव डालने पर चाकू फिसल सकता है और हाथ कटने का खतरा बढ़ जाता है। इसके अलावा, सस्ते चाकुओं का हैंडल भी अक्सर कमजोर प्लास्टिक का होता है, जिससे पकड़ मजबूत नहीं बनती और इस्तेमाल के दौरान फिसलने की संभावना रहती है। इसलिए हमेशा ऐसा चाकू चुनें जिसकी धार टिकाऊ हो और हैंडल मजबूत तथा आरामदायक पकड़ वाला हो।
अच्छी क्वालिटी का चाकू है जरूरी
रसोई के काम को सुरक्षित और आसान बनाने के लिए केवल कीमत नहीं, बल्कि चाकू की गुणवत्ता, धातु और डिजाइन पर भी ध्यान देना जरूरी है। अच्छी क्वालिटी का चाकू लंबे समय तक चलता है और सुरक्षा के लिहाज से भी बेहतर साबित होता है।
Written By Toshi Shah