मार्च के महीने में मौसम ने अचानक करवट ले ली है, जिससे देश के कई हिस्सों में ठंडक से राहत महसूस की जा रही है। भारत मौसम विभाग (IMD) ने चेतावनी दी है कि आने वाले दिनों में कई राज्यों में मौसम बिगड़ सकता है। राजधानी दिल्ली-एनसीआर में शुक्रवार सुबह से लगातार बारिश हो रही है और दिन के समय भी आसमान में बादल छाए रहने से अंधेरा सा माहौल बना हुआ है।
पश्चिमी विक्षोभ का मौसम पर होगा प्रभाव
मौसम विभाग के अनुसार, इस बदलाव की मुख्य वजह सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ है। इसके प्रभाव से उत्तर, मध्य, पूर्व और दक्षिण भारत के लगभग 22 राज्यों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। कई जगहों पर ओलावृष्टि और तेज हवाएं भी चल सकती हैं। खासतौर पर उत्तराखंड, झारखंड और पश्चिम बंगाल में हवा की रफ्तार 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
दिल्ली का ऐसा रहेगा मौसम
दिल्ली की बात करें, तो यहां पहले हुई बारिश से मौसम सुहावना हो गया है। आज भी गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है और येलो अलर्ट जारी किया गया है। तेज हवाएं 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक चल सकती हैं। तापमान की बात करें तो अधिकतम तापमान करीब 25 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 17 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
पहाड़ी राज्यों हो सकती है बर्फबारी
उत्तर भारत के पहाड़ी राज्यों जैसे जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 20 मार्च को बारिश और बर्फबारी के आसार हैं। वहीं पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और राजस्थान में गरज के साथ बारिश और कुछ स्थानों पर ओले गिरने की संभावना जताई गई है। पूर्वी उत्तर प्रदेश में मौसम ज्यादा सक्रिय रह सकता है और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की उम्मीद है।
मध्य भारत में तेज हवा के आसार
मध्य भारत और पूर्वी क्षेत्रों—जैसे मध्य प्रदेश, झारखंड, छत्तीसगढ़, बिहार, ओडिशा और पश्चिम बंगाल—में 22 मार्च तक बारिश, तेज हवाएं और कहीं-कहीं ओलावृष्टि हो सकती है। सिक्किम में भी आंधी और बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है।
इन राज्यों में भी बारिश और आंधी का अलर्ट
पूर्वोत्तर भारत के राज्यों—असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश—में अगले पांच दिनों तक गरज और बिजली गिरने की संभावना बनी हुई है। दक्षिण और पश्चिम भारत भी इससे अछूते नहीं हैं। तमिलनाडु, पुडुचेरी, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, कर्नाटक, केरल, महाराष्ट्र और गुजरात में भी बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया गया है।
Written By Toshi Shah