CM Yogi News: 6 अप्रैल को सीएम योगी गोरखपुर में आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल हुए। जहां उन्होंने डॉ. भीमराव अंबेडकर के सम्मान में कई महत्वपूर्ण कार्यों को लागू करने की बात कही। जिसमें उन्होंने यह बड़ा ऐलान कर नई पहल की शुरुआत का संकेत दिया है।

14 अप्रैल को मनाई जाएगी अंबेडकर जयंती

दरअसल, 14 अप्रैल को पूरे देश में अंबेडकर जयंती मनाई जाएगी। इस अवसर को ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घोषणा करते हुए कहा कि प्रदेश के सभी जिलों में जहां भी बाबा साहेब की प्रतिमाएं स्थापित हैं, वहां विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

अंबेडकर जयंती से पहले की जाएगी सार्वजनिक स्थलों की साफ-सफाई

सीएम योगी ने बताया कि 13 अप्रैल को भाजपा के कार्यकर्ताओं द्वारा बूथ स्तर पर स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान के तहत अंबेडकर प्रतिमाओं के आसपास के क्षेत्रों, पार्कों और सार्वजनिक स्थलों की साफ-सफाई की जाएगी। इसके बाद 14 अप्रैल को पूरे प्रदेश में भव्य पुष्पांजलि कार्यक्रम आयोजित होंगे, जिनमें सामाजिक न्याय और समानता के संदेश को प्रमुखता दी जाएगी। मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में एक और अहम घोषणा करते हुए कहा कि राज्य सरकार ने यह निर्णय लिया है कि प्रदेश भर में जहां-जहां भी डॉ. अंबेडकर की प्रतिमाएं स्थापित हैं, वहां उनकी प्रतिमा के ऊपर छत्र लगाने का कार्य कराया जाएगा। इसके अलावा जिन स्थानों पर अंबेडकर पार्क बने हुए हैं, वहां बाउंड्री वॉल का निर्माण और पार्कों का सौंदर्यीकरण भी सरकार की ओर से कराया जाएगा।

बाबा साहेब की विचारों और योगदान को लोगों तक पहुंचाना भाजपा का संकल्प

उन्होंने यह भी कहा कि इन कार्यों का उद्देश्य न केवल बाबा साहेब के प्रति सम्मान प्रकट करना है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को उनके विचारों और योगदान से प्रेरित करना भी है। सरकार इस पहल के जरिए सामाज में जागरूकता को बढ़ावा देना चाहती है। यह पहल राज्यभर में एक बड़े अभियान के रूप में देखी जा रही है, जिसमें प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। अंबेडकर जयंती के मौके पर इस तरह के कार्यक्रमों से समाज में समानता, न्याय और भाईचारे का संदेश और मजबूत होने की उम्मीद है।

 Writen By: Geeta Sharma