चंडीगढ़ के पॉश इलाके से एक वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है। जिसे देख लोग भी हैरान हो गए है। दरअसल, वायरल हो रहे वीडियो में कुछ लोगों को शराब बांटते देखा जा सकता है। बताया जा रहा है कि शराब के प्रमोशन के नाम पर खुलेआम लोगों को मुफ्त में शराब परोसी गई। देखते ही देखते वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गई। जिसके बाद पुलिस हरकत में आई और कार्रवाई शुरू कर दी।
खुलेआम शराब का भंडारा
यह पूरा मामला मामला चंडीगढ़ के सेक्टर-9 मार्केट का बताया जा रहा है। जहां एक नई शराब ब्रांड के प्रमोशन अनोखे तरिके से की गई। नई शराब ब्रांड के प्रमोशन के लिए लोगों को फ्री में शराब दी जा रही थी। यह सब एक लिकर शॉप के बाहर किया गया,जिससे वहां भीड़ इकट्ठा हो गई।
खुलेआम शराब बांटना नियमों के खिलाफ
वायरल हो रहे वीडियो में देखा जा सकता है कि कैसे लोगों को 'बर्फ का गोला' यानी आइस रोल्स में शराब मिलाकर दी जा रही थी। वहीं जांच में पाया गया कि स्मिरनॉफ मिंटी जामुन फ्लेवर वोडका को इसमें मिलाया जा रहा था। हालांकि इस तरह खुलेआम शराब बांटना नियमों के खिलाफ माना जा रहा है।
पुलिस ने लिकर वेंड के मालिक को किया गिरफ्तार
वहीं अब इस मामले में सेक्टर-3 के पुलिस ने कार्रवाई करते हुए FIR दर्ज कर, लिकर वेंड के मालिक राजेश सचदेवा को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इसमें और कौन-कौन लोग शामिल थे।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा वीडियो
शहर के पॉश इलाके में हुई इस घटना ने लोगों को हैरान कर दिया है और सोशल मीडिया पर इसे लेकर तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। लोग सवाल उठा रहे हैं कि आखिर इतनी बड़ी लापरवाही कैसे हो सकती है। खासकर उस जगह पर जहां अक्सर बड़े और प्रभावशाली लोगों का आना-जाना रहता है। घटना का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे एक्स पर @anku_chahar नाम के अकाउंट से शेयर किया गया है। वीडियो को अब तक लाखों लोग देख चुके हैं,जबकि हजारों यूजर्स ने इसे लाइक और शेयर भी किया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और आने वाले दिनों में कई अहम खुलासे हो सकते हैं।
Written By: Geeta Sharma