इंटरनेट की दुनिया में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के तेजी से बढ़ते प्रभाव ने कई नई सुविधाएं प्रदान की हैं, लेकिन इसके साथ नई चुनौतियां भी सामने आई हैं। हाल के वर्षों में AI आधारित बॉट्स की संख्या में बढ़ोतरी हुई है। एक रिपोर्ट्स के अनुसार, 27 अप्रैल को पहली बार इंटरनेट पर इंसानों की तुलना में AI बॉट्स का ट्रैफिक अधिक दर्ज किया गया। इस स्थिति को देखते हुए गूगल ने अपने सुरक्षा को और मजबूत बनाने के लिए एक नया reCAPTCHA सिस्टम रोल आउट करना शुरू किया है।
CAPTCHA सिस्टम में गूगल ने किया बड़ा बदलाव
CAPTCHA सिस्टम में उपयोगकर्ताओं को ट्रैफिक लाइट, बस, साइकिल या अन्य वस्तुओं की पहचान करनी होती है ताकि यह साबित किया जा सके कि वे इंसान हैं। हालांकि, आधुनिक AI बॉट्स इन चुनौतियों को कुछ ही सेकंड में हल करने में सक्षम हो गए हैं। इससे फर्जी अकाउंट बनाने, स्पैम फैलाने और ऑनलाइन धोखाधड़ी जैसी समस्याएं बढ़ रही हैं। इन्हीं चुनौतियों से निपटने के लिए गूगल ने एक नया और अधिक प्रभावी सत्यापन तरीका विकसित किया है।
नए सिस्टम कैसे करेगा काम?
नए सिस्टम के तहत उपयोगकर्ताओं को अपने डिवाइस के कैमरे की ओर हाथ हिलाकर स्वयं को सत्यापित करना होगा। जब कोई उपयोगकर्ता इस विकल्प का चयन करेगा, तो ब्राउज़र कैमरे तक पहुंच की अनुमति मांगेगा। इसके बाद सिस्टम उपयोगकर्ता के हाथ की गतिविधियों को रिकॉर्ड करेगा और उनका विश्लेषण करेगा। इस प्रक्रिया के जरिए यह निर्धारित किया जाएगा कि अनुरोध करने वाला व्यक्ति वास्तविक इंसान है या कोई स्वचालित AI बॉट।
गूगल ने क्या कहा?
गूगल का कहना है कि इस नई तकनीक को विकसित करते समय उपयोगकर्ताओं की गोपनीयता का विशेष ध्यान रखा गया है। कंपनी के अनुसार, यह सुविधा पूरी तरह वैकल्पिक होगी और मौजूदा इमेज तथा ऑडियो आधारित CAPTCHA विकल्पों को समाप्त नहीं करेगी। जो लोग कैमरे का उपयोग नहीं करना चाहते, वे पहले की तरह पारंपरिक सत्यापन विधियों का उपयोग कर सकेंगे।
इंटरनेट सुरक्षा को मजबूत बनाना बेहद आवश्यक
AI तकनीक के बढ़ते प्रभाव के बीच इंटरनेट सुरक्षा को मजबूत बनाना बेहद आवश्यक हो गया है। गूगल का नया reCAPTCHA सिस्टम इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है, जो भविष्य में फर्जी गतिविधियों और ऑनलाइन धोखाधड़ी को रोकने में अहम भूमिका निभा सकता है।
Written By: Geeta Sharma