नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) संसदीय दल की साप्ताहिक ‘मंगल मिलन’ बैठक मंगलवार, 4 अगस्त को राष्ट्रीय राजधानी में आयोजित की जाएगी।

सूत्रों के अनुसार, बैठक सुबह 9:30 बजे संसद पुस्तकालय भवन के अंदर स्थित जीएमसी बालयोगी सभागार में शुरू होगी।

इससे पहले 28 जुलाई को NDA संसदीय दल की ‘मंगल मिलन’ बैठक संपन्न हुई थी, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरण रिजिजू ने गठबंधन के सांसदों को संबोधित किया था।

बैठक में केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल और केंद्रीय पंचायती राज एवं मत्स्य पालन, पशुपालन एवं डेयरी मंत्री राजीव रंजन सिंह ने भी संबोधन दिया था।

पीयूष गोयल ने सांसदों को भारत के हालिया मुक्त व्यापार समझौतों (FTAs) की सफलता और उनके रणनीतिक प्रभाव के बारे में जानकारी दी, जबकि राजीव रंजन सिंह ने देश के मत्स्य क्षेत्र के विकास, सरकार की योजनाओं और भविष्य की रणनीति पर चर्चा की।

इस बैठक में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और NDA के अन्य वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहे थे।

इस बीच, राज्यसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने सोमवार को संसद में केंद्र सरकार से दो मुद्दों पर जवाब मांगा। इनमें 20 जुलाई को प्रदर्शनकारियों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई और अयोध्या राम मंदिर दान राशि में कथित गबन का मामला शामिल है।

यह भी पढ़ें: महिला पहलवानों के यौन उत्पीड़न मामले में बृजभूषण शरण सिंह बरी, राउज एवेन्यू कोर्ट का बड़ा फैसला

विपक्षी दलों की INDIA ब्लॉक की बैठक के बाद खड़गे ने सोशल मीडिया मंच ‘X’ पर पोस्ट करते हुए कहा कि सरकार को इन मुद्दों पर जवाब देना होगा। उन्होंने मांग की कि गृह मंत्री संसद में आकर छात्रों पर कथित लाठीचार्ज और पैलेट गन के इस्तेमाल पर स्पष्टीकरण दें तथा प्रधानमंत्री राम मंदिर को दिए गए चंदे और चढ़ावे से जुड़े आरोपों पर जवाब दें।

विपक्ष ने 20 जुलाई को हुए मार्च के दौरान दिल्ली पुलिस द्वारा कथित लाठीचार्ज और पैलेट गन के इस्तेमाल को लेकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर निशाना साधा है। विपक्षी सांसदों ने संसद परिसर में प्रदर्शन करते हुए अमित शाह की अनुपस्थिति और इस मामले में जवाबदेही की मांग भी की।

Written By: Pradeep Singh