शिव भक्तों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। लंबे इंतजार के बाद श्री बाबा अमरनाथ जी की वार्षिक यात्रा 2026 के लिए एडवांस पंजीकरण 15 अप्रैल से शुरू होने जा रहा है। इस संबंध में श्री अमरनाथ जी श्राइन बोर्ड ने जानकारी जारी की है और यात्रा की शुरुआत की तिथि जल्द घोषित की जाएगी।
554 बैंक शाखाओं में होगी पंजीकरण की सुविधा
श्राइन बोर्ड के अनुसार, देशभर के विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में कुल 554 बैंक शाखाओं में पंजीकरण की सुविधा उपलब्ध होगी। इनमें पंजाब नेशनल बैंक, भारतीय स्टेट बैंक, जम्मू-कश्मीर बैंक और यस बैंक शामिल हैं। जम्मू-कश्मीर के डोडा, जम्मू, कठुआ, किश्तवाड़, रामबन, राजौरी, सांबा, श्रीनगर, उधमपुर, रियासी, अनंतनाग और पुलवामा जिलों में भी संबंधित बैंकों की शाखाओं में पंजीकरण किया जा सकेगा।
पंजीकरण के लिए कितनी होनी चाहिए उम्र
बोर्ड ने यह भी स्पष्ट किया है कि 9 अप्रैल के बाद जारी किया गया स्वास्थ्य प्रमाण पत्र ही मान्य होगा। यात्रा के लिए आयु सीमा 13 से 70 वर्ष के बीच निर्धारित की गई है। पंजीकरण आधार आधारित बायोमेट्रिक प्रक्रिया से होगा और प्रत्येक श्रद्धालु को स्वास्थ्य प्रमाण पत्र अनिवार्य रूप से प्रस्तुत करना होगा। व्यक्तिगत पंजीकरण शुल्क 150 रुपये रखा गया है।
RFID कार्ड के बिना यात्रा की अनुमति नहीं
पंजीकरण के बाद यात्रियों को पहलगाम या बालटाल मार्ग के लिए परमिट दिया जाएगा। बिना RFID कार्ड के यात्रा की अनुमति नहीं होगी। बोर्ड की बैठक में यह तय किया गया था कि पहली पूजा 29 जून को होगी। हालांकि यात्रा की आधिकारिक शुरुआत की तारीख घोषित नहीं हुई है, लेकिन परंपरा के अनुसार यह यात्रा रक्षा बंधन (28 अगस्त) को संपन्न होगी।
ग्रुप पंजीकरण के लिए भी दिया गया दिशा-निर्देश
ग्रुप पंजीकरण के लिए भी दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। 5 से 30 श्रद्धालुओं का समूह एक साथ पंजीकरण करा सकता है। इसके लिए समूह को एक लीडर नियुक्त करना होगा और सभी आवश्यक दस्तावेज श्रीनगर स्थित श्राइन बोर्ड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी के कार्यालय में डाक के माध्यम से भेजने होंगे। ग्रुप पंजीकरण ‘पहले आओ, पहले पाओ’ के आधार पर होगा। इसमें प्रति यात्री 250 रुपये शुल्क निर्धारित है, जिसका भुगतान ऑनलाइन या बैंक ट्रांसफर के जरिए किया जा सकता है। ग्रुप पंजीकरण की अंतिम तिथि 20 मई 2026 है।
इस बैंक से होगी विदेशी श्रद्धालुओं के लिए पंजीकरण की सुविधा
विदेशी श्रद्धालुओं के लिए पंजीकरण की सुविधा पंजाब नेशनल बैंक के माध्यम से उपलब्ध होगी। उन्हें आवेदन पत्र, स्वास्थ्य प्रमाण पत्र, वैध पासपोर्ट की स्कैन कॉपी और फोटो के साथ प्रति यात्री 1550 रुपये शुल्क जमा कराना होगा। यह दस्तावेज बैंक के आईटी विभाग, सर्किल ऑफिस जम्मू को ईमेल के जरिए भेजने होंगे।
अधिक जानकारी के लिए श्राइन बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं
श्रद्धालु अधिक जानकारी के लिए श्राइन बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट का सहारा ले सकते हैं। ध्यान रहे कि RFID कार्ड के बिना किसी भी श्रद्धालु को यात्रा की अनुमति नहीं दी जाएगी। यह कार्ड जम्मू-कश्मीर के विभिन्न केंद्रों पर उपलब्ध कराए जाएंगे।
Written By Toshi Shah