West Bengal Elections 2026: पश्चिम बंगाल के कूच बिहार में चुनावी माहौल के बीच पीएम मोदी ने एक बड़ी जनसभा को संबोधित करते हुए राज्य की टीएमसी सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कानून-व्यवस्था, घुसपैठ और भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों को उठाते हुए कहा कि बंगाल की स्थिति 'कट, कमीशन और करप्शन' के कारण बिगड़ चुकी है।
'टीएमसी घुसपैठियों को अपना वोट बैंक मानती है'
प्रधानमंत्री मोदी ने आरोप लगाया कि सीमावर्ती इलाकों में जनसंख्या संरचना में 'खतरनाक बदलाव' हो रहा है, जिसके पीछे अवैध घुसपैठ को संरक्षण देने वाली राज्य सरकार की नीतियां जिम्मेदार हैं। उन्होंने कहा कि टीएमसी घुसपैठियों को अपना वोट बैंक मानती है और उन्हें राजनीतिक संरक्षण देती है। साथ ही उन्होंने यह भी दावा किया कि राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति लगातार खराब हो रही है।
'संवैधानिक संस्थाओं का सम्मान नहीं करती टीएमसी सरकार'
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए पीएम मोदी ने कहा कि एक समय था जब लोग रोजगार के लिए बंगाल आते थे, लेकिन अब हालात ऐसे हो गए हैं कि राज्य से पलायन बढ़ रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि टीएमसी सरकार संवैधानिक संस्थाओं का सम्मान नहीं करती और हाल के कुछ घटनाक्रमों का जिक्र करते हुए न्याय व्यवस्था पर भी सवाल उठाए।
#WATCH | #WestBengalAssemblyElections2026 | पश्चिम बंगाल | कूच विहार में एक जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, "TMC के अन्याय, इनकी लिस्ट बहुत लंबी है। इनके धोखे का एक और उदाहरण उत्तर कन्या भी है। जब उत्तर कन्या को बनाया गया था तो कहा गया था कि ये पूरे… pic.twitter.com/5WWVChZZTf
— ANI_HindiNews (@AHindinews) April 5, 2026
'करोड़ों महिलाओं को 'लखपति दीदी' बनाने का लक्ष्य'
महिला सशक्तिकरण के मुद्दे पर प्रधानमंत्री ने अपनी सरकार की उपलब्धियों को गिनाते हुए कहा कि केंद्र सरकार ने महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए कई योजनाएं चलाई हैं। उन्होंने बताया कि देशभर में करोड़ों महिलाओं को 'लखपति दीदी' बनाने का लक्ष्य रखा गया है। साथ ही संसद और विधानसभाओं में 33 प्रतिशत महिला आरक्षण के कानून को भी उन्होंने एक ऐतिहासिक कदम बताया।
'इस बार 'भय और भरोसे' के बीच होगा चुनाव'
पीएम मोदी ने संदेशखाली जैसी घटनाओं का जिक्र करते हुए महिलाओं की सुरक्षा को बड़ा मुद्दा बनाया और कहा कि बीजेपी सरकार बनने पर महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने जनता से अपील करते हुए कहा कि इस बार चुनाव में 'भय और भरोसे' के बीच चुनाव है।
'बीजेपी सत्ता मेंआरोपी को बख्शा नहीं जाएगा'
अंत में उन्होंने भरोसा दिलाया कि अगर बीजेपी सत्ता में आती है, तो कानून के अनुसार कार्रवाई होगी और किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि 'चाहे कोई कितना भी बड़ा क्यों न हो, न्याय होकर रहेगा।'
Writen By: Geeta Sharma