अप्रेजल का समय आमतौर पर उम्मीदों से भरा होता है, लेकिन एक टेक कर्मचारी के लिए यह पल बड़ा झटका बन गया। सैलरी हाइक की बात करने पहुँचा कर्मचारी तब हैरान रह गया गया जब उसे सीधे इस्तीफा देने के लिए कह दिया गया। अब यह मामला सोशल मीडिया पर चर्चा में है और लोग जमकर अपनी राय दे रहे हैं।
क्या है पूरा मामला?
एक कॉन्ट्रैक्ट पर काम कर रहे टेक कर्मचारी ने बताया कि वह लंबे समय से सैलरी हाइक का इंतजार कर रहा था और अप्रेजल मीटिंग में उसे बढ़ोतरी की उम्मीद थी। लेकिन मीटिंग में उसे अचानक इस्तीफा देने और नई नौकरी तलाशने के लिए कहा गया। कंपनी ने इसका कारण बताया कि जिस सेमीकंडक्टर कंपनी के लिए वह काम कर रहा है, वह उसकी पैरेंट कंपनी को उतना भुगतान नहीं कर रही जितना उसे सैलरी दी जा रही है. इसी वेतन असमानता को वजह बताकर उसे हटाने का फैसला लिया गया।

कर्मचारी ने क्या कहा?
कर्मचारी ने सोशल मीडिया पर लिखा कि वह हाइक की उम्मीद लेकर गया था लेकिन उसे रिजाइन करने को कह दिया गया, जो उसके लिए पूरी तरह अप्रत्याशित था। उसने यह भी कहा कि वह खुद से इस्तीफा नहीं देना चाहता और बेहतर सेवरेंस पैकेज के विकल्प को समझना चाहता है।
सोशल मीडिया पर लोगों की सलाह
इस घटना के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने उसे सावधानी बरतने की सलाह दी। कई यूजर्स ने कहा कि बिना सोचे-समझे रिजाइन करने से नुकसान हो सकता है, इसलिए पहले कॉन्ट्रैक्ट और शर्तों को ध्यान से देखना चाहिए। कुछ लोगों ने यह भी सुझाव दिया कि अगर कंपनी खुद टर्मिनेट करती है तो सेवरेंस मिलने की संभावना ज्यादा रहती है।
Written By: Namita Verma