China Gold Discovery: दुनियाभर के गोल्ड मार्केट को हिला देने वाली खबर सामने आई है। आपको बता दें कि भारत के पड़ोसी चीन में एक विशाल सोने का भंडार मिलने का दावा किया गया है, जिसे सुनकर विशेषज्ञ भी दंग हैं। यह सिर्फ एक साधारण खदान नहीं, बल्कि चीन के लिए एक असली खजाना साबित हो सकता है। हुनान प्रांत के वांगू गोल्ड फील्ड में पाए गए इस भंडार की अनुमानित कीमत लगभग 83 अरब डॉलर है, और कुल सोने की मात्रा 1,100 टन तक पहुंच सकती है। अगर ये आंकड़े सही पाए जाते हैं, तो यह खोज पूरी दुनिया के गोल्ड इतिहास को बदल सकती है।
6,000 फीट की गहराई पर मिला सोने का भंडार
चीन के हुनान प्रांत के भूवैज्ञानिकों ने पिंगजियांग काउंटी में वांगु गोल्ड फील्ड के नीचे इस अद्भुत खजाने की पुष्टि की है। बता दें कि ड्रिलिंग के दौरान 65 किलोमीटर से ज्यादा लंबी चट्टानों में 40 से अधिक सोने की नसें पाई गईं। विशेषज्ञों के अनुसार, लगभग 6,560 फीट की गहराई पर पहले ही 300 मीट्रिक टन सोना निश्चित हो चुका है। वहीं, आधुनिक 3D जियोलॉजिकल मॉडलिंग के मुताबिक, अगर 9,840 फीट तक खुदाई की जाए तो यह भंडार 1,000 मीट्रिक टन यानी करीब 1,100 टन से भी ज्यादा हो सकता है।
जानें क्यों खास है यह खोज?
सबसे हैरान करने वाली बात इसकी उच्च गुणवत्ता है। ड्रिलिंग के दौरान निकले पत्थरों में सोना सीधे चमकता नजर आया, जो बेहद कीमती माना जाता है। आम तौर पर एक टन अयस्क से सिर्फ 1–5 ग्राम सोना मिलता है, लेकिन यहां कुछ नमूनों में प्रति टन 138 ग्राम सोना पाया गया। जितना अयस्क समृद्ध होगा, उसे रिफाइन करना उतना ही आसान और सस्ता होगा, जिससे मुनाफा कई गुना बढ़ जाता है।
क्या यह दुनिया का सबसे बड़ा सोने का भंडार बन सकता है?
अगर 1,000 टन के इस अनुमान की पुष्टि हो जाती है, तो यह दक्षिण अफ्रीका की साउथ डीप खदान को पीछे छोड़ते हुए दुनिया का सबसे बड़ा सोने का भंडार बन जाएगा। इसकी वर्तमान अनुमानित कीमत लगभग 83 अरब डॉलर बताई जा रही है। हालांकि, विशेषज्ञों के अनुसार, इस खदान से सोना व्यावसायिक रूप से निकालने में अभी 10–20 साल का समय लग सकता है। फिलहाल यह प्रोजेक्ट खोज और अध्ययन के चरण में है और अंतरराष्ट्रीय मानकों पर खरा उतरने का इंतजार कर रहा है।
Written By - Namita Verma