आज की तेज़ रफ्तार जिंदगी में अच्छी और गहरी नींद लेना अब एक लग्ज़री की तरह हो गया है। काम का दबाव, डेडलाइन और रोज़मर्रा की जिम्मेदारियों के बीच लोग अक्सर रात में सुकून की नींद के लिए जूझते नजर आते हैं। ऐसे में अगर किसी को सिर्फ सोने के लिए पैसे मिलने लगें, तो यह किसी सपने जैसा लगेगा। हालांकि यह बात सुनने में अजीब लग सकती है, लेकिन ऐसा ही एक अनोखा मामला सोशल मीडिया पर इन दिनों तेजी से वायरल हो रहा है।

इंडोनेशिया का है मामला

यह दिलचस्प घटना इंडोनेशिया से जुड़ी बताई जा रही है, जहां एक शख्स को चलती वैन के अंदर आराम से सोते हुए देखा गया। खास बात यह थी कि वह किसी कमरे या होटल में नहीं, बल्कि सड़क पर दौड़ती गाड़ी के भीतर गहरी नींद में था। वीडियो सामने आते ही लोग हैरान रह गए और इसे लेकर तरह-तरह की मजेदार प्रतिक्रियाएं देने लगे।

9 घंटे तक आराम से सोने के मिलते है सैलरी

कहा जा रहा है कि इस “सोने वाली नौकरी” में व्यक्ति को लगभग 9 घंटे तक आराम से सोने के लिए भुगतान किया जाता है। वीडियो में दिखाई देने वाली वैन बाहर से सामान्य लगती है, लेकिन अंदर का दृश्य बिल्कुल अलग है। सीटों की जगह एक आरामदायक बिस्तर बनाया गया है, जिस पर वह व्यक्ति कंबल ओढ़कर पूरी तरह निश्चिंत होकर सो रहा है। बाहर के ट्रैफिक और शोर का भी उस पर कोई असर नहीं पड़ रहा है।

मार्केटिंग कैंपेन का है ये मामला

असल में यह पूरा मामला किसी वास्तविक नौकरी से ज्यादा एक मार्केटिंग कैंपेन का हिस्सा बताया जा रहा है। एक मैट्रेस कंपनी ने अपने गद्दों की आरामदायक गुणवत्ता को दिखाने के लिए यह अनोखा तरीका अपनाया। उनका उद्देश्य यह दिखाना था कि उनके उत्पाद इतने आरामदायक हैं कि चलती गाड़ी में भी गहरी नींद लेना संभव है।

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो

यह वीडियो इंस्टाग्राम पर साझा किया गया, जिसके बाद यह तेजी से वायरल हो गया। लोगों ने इस पर मजेदार टिप्पणियां कीं। किसी ने कहा कि ऐसी नौकरी मिल जाए तो तुरंत जॉइन कर लेंगे, तो किसी ने मजाक में लिखा कि वे तो पहले से ही इसमें माहिर हैं। कई यूजर्स ने इसे आज की तनावभरी जिंदगी पर एक हल्के-फुल्के व्यंग्य के रूप में भी देखा।

Written By Toshi Shah