बिहार की सियासत के लिए आज का दिन एक बड़े और ऐतिहासिक बदलाव का गवाह बना है। लंबे समय तक सूबे की कमान संभालने वाले नीतीश कुमार कुछ देर पहले राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ ली। शपथ लेने से पहले नीतीश कुमार ने संसद भवन में राज्यसभा में नेता सदन जेपी नड्डा से भी मुलाक़ात की।

सी. पी. राधाकृष्णन ने नीतीश कुमार को दिलाई शपथ

नीतीश कुमार अब उन गिने-चुने नेताओं की सूची में शामिल हो गए हैं,  जो चारों सदन, यानी विधानसभा, विधानपरिषद, लोकसभा और राज्यसभा के सदस्य रहे। राज्यसभा के सभापति सी. पी. राधाकृष्णन ने उन्हें उच्च सदन की सदस्यता की शपथ दिलाई। वहीं, आज शाम तक नीतीश कुमार दिल्ली से पटना रवाना हो जाएंगे।  जिसके बाद बिहार में नई सरकार के गठन की प्रक्रिया और तेज हो जाएंगी।

भाजपा कार्यालय के बाहर लगा सम्राट चौधरी का पोस्टर

नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने के साथ ही राज्य में नए मुख्यमंत्री को लेकर राजनीतिक अटकलें और तेज हो गई हैं। इसी बीच पटना स्थित भाजपा कार्यालय के बाहर सम्राट चौधरी को बिहार का नया सीएम घोषित करने वाले पोस्टर लगाए गए हैं, जिन्हें बाद में पार्टी कार्यकर्ताओं ने हटा दिया। जिन पर 'वाल्मीकि समाज' का नाम लिखा था।

14 अप्रैल को मुख्यमंत्री के नाम का लिया जाएगा निर्णय

वहीं, भाजपा ने दिल्ली में अपने केंद्रीय नेताओं की ‘कोर ग्रुप’ बैठक बुलाई है, जिसमें बिहार के नेतृत्व और नई सरकार के स्वरूप पर विचार-विमर्श किया जाएगा। राज्य के दोनों उपमुख्यमंत्री—सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा—पहले से ही दिल्ली में मौजूद हैं। सूत्रों के अनुसार, 14 अप्रैल को होने वाली एनडीए विधायक दल की बैठक में नए मुख्यमंत्री के नाम पर अंतिम निर्णय लिया जा सकता है।

नीतीश कुमार जल्द ही देंगे सीएम पद से इस्तीफा

नीतीश कुमार ने राज्यसभा के लिए चुने जाने के बाद 30 मार्च को ही बिहार विधान परिषद की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था। वरिष्ठ मंत्री विजय कुमार चौधरी ने संकेत दिया है कि शपथ ग्रहण के बाद नीतीश कुमार मुख्यमंत्री पद से भी जल्द ही इस्तीफा दे सकते हैं, उन्होंने यह भी कहा कि नई एनडीए सरकार पिछले दो दशकों से चल रहे ‘नीतीश मॉडल’ को ही आगे बढ़ाएगी।

 

   Written By Toshi Shah