Shilpa Shetty अपनी फिटनेस और योग के प्रति समर्पण के लिए लंबे समय से जानी जाती हैं। 51 साल की उम्र में भी वह नियमित रूप से अपने वर्कआउट और योग से जुड़े वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर करती रहती हैं। हाल ही में उन्होंने एक ऐसा योगासन शेयर किया, जो शरीर की फ्लेक्सिबिलिटी और मोबिलिटी पर काम करने में मदद कर सकता है।

वीडियो में किया चुनौतीपूर्ण योगासन
इंस्टाग्राम पर शेयर किए गए वीडियो में शिल्पा हल्के हरे रंग के टॉप और काली लेगिंग्स में नजर आईं। उन्होंने डीप स्क्वैट पोजिशन से शुरुआत की और फिर अपने धड़ को आगे की ओर झुकाया। हाथों और पैरों के बीच लगभग दो हाथ की दूरी रखते हुए उन्होंने सपोर्ट लिया और धीरे-धीरे अपने माथे को जमीन की ओर ले जाने की कोशिश की।
View this post on Instagram
शिल्पा ने इस एक्सरसाइज को आसान न समझने की बात कही। उनके मुताबिक, यह आसन सैक्रोइलियक जॉइंट, पेल्विक मसल्स, घुटनों और टखनों की फ्लेक्सिबिलिटी पर काम करने की चुनौती देता है।

'अगर नामुमकिन लगता है, तो शरीर कुछ बता रहा है'
अपने पोस्ट के कैप्शन में शिल्पा ने लिखा कि अगर यह आसन किसी को नामुमकिन लगता है, तो शायद शरीर किसी तरह का संकेत दे रहा है। वहीं, जिन्हें यह आसान लगता है, उन्हें भी इसे आजमाकर देखने की चुनौती दी, क्योंकि उनके मुताबिक यह वास्तव में आसान नहीं है। उन्होंने फैंस से यह भी पूछा कि उनमें से कितने लोग इस योग चैलेंज को पूरा कर सकते हैं।

स्पोंडिलोसिस से उबरने में भी योग ने की मदद
शिल्पा पहले भी बता चुकी हैं कि योग उनके जीवन में सिर्फ फिटनेस के लिए नहीं आया था। स्पोंडिलोसिस की समस्या के दौरान उनके फिजियोथेरेपिस्ट ने उन्हें योग के कुछ आसन करने की सलाह दी थी। इसके बाद उन्होंने योग टीचर की मदद ली और धीरे-धीरे अलग-अलग आसनों का अभ्यास शुरू किया।

शिल्पा के अनुसार, योग के गहरे अभ्यास ने उनकी सोच और जीवन को देखने के नजरिए में बदलाव किया। उन्होंने इसे खुद को समझने और जागरूक बनाने वाली यात्रा बताया।

'मन शरीर से ज्यादा ताकतवर है'
शिल्पा ने अपनी शारीरिक प्रगति का उदाहरण देते हुए बताया कि एक समय वह अपनी गर्दन पूरी तरह घुमा नहीं पाती थीं, जबकि अब वह हेडस्टैंड कर सकती हैं। उनके मुताबिक, योग ने उन्हें सिखाया कि मन शरीर से ज्यादा ताकतवर है।
वर्कफ्रंट की बात करें तो शिल्पा को आखिरी बार रोहित शेट्टी की ओटीटी सीरीज 'Indian Police Force' में देखा गया था।
ये भी पढ़ें: खुलकर हंसने से शरीर में क्या होता है? फायदे जानकर हैरान रह जाएंगे!