UP Election 2027: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस ने सीटों के बंटवारे की दिशा में बातचीत शुरू करने की तैयारी कर ली है। दोनों दलों के नेता 23 और 24 नवंबर को दिल्ली में बैठक करेंगे। इस दौरान यह तय करने पर चर्चा होगी कि विधानसभा चुनाव में कौन सी पार्टी कितनी सीटों पर उम्मीदवार उतारेगी। सूत्रों के मुताबिक, आगामी चुनाव को लेकर दोनों दलों के बीच यह पहली औपचारिक बैठक होगी।
इस बातचीत पर इसलिए भी नजर है क्योंकि 2022 के विधानसभा चुनाव में सपा और कांग्रेस ने अलग-अलग चुनाव लड़ा था, जबकि 2024 के लोकसभा चुनाव में दोनों दल INDIA गठबंधन के तहत साथ आए थे। लोकसभा चुनाव के नतीजों के बाद अब दोनों पार्टियां उसी गठबंधन को विधानसभा चुनाव में आगे बढ़ाने की तैयारी में हैं।
दिल्ली की बैठक में सीटों के बंटवारे पर होगी चर्चा
सूत्रों के अनुसार, 23 नवंबर से शुरू होने वाली बैठक में सपा और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। बातचीत का मुख्य मुद्दा सीटों का बंटवारा रहेगा। दोनों दलों के बीच किन सीटों पर किसकी दावेदारी होगी और गठबंधन का स्वरूप क्या रहेगा, इस पर चर्चा की जाएगी।
इससे पहले सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव सीटों के बंटवारे में जीतने की संभावना को अहम आधार बता चुके हैं। वहीं, कांग्रेस की ओर से भी यह संकेत दिया गया है कि पार्टी सीटों की संख्या को लेकर अड़ी नहीं है और सम्मानजनक हिस्सेदारी चाहती है। ऐसे में बातचीत के दौरान दोनों दलों की मांग और चुनावी रणनीति के बीच तालमेल बैठाना अहम होगा।
कांग्रेस बोली- सिर्फ चुनाव लड़ना नहीं, सरकार बनाना लक्ष्य
उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष आराधना मिश्रा 'मोना' ने शुक्रवार को कहा था कि पार्टी 2027 का विधानसभा चुनाव केवल हिस्सा लेने के लिए नहीं, बल्कि सरकार बनाने के लक्ष्य के साथ लड़ेगी। उन्होंने संगठन को मजबूत करना अपनी पहली प्राथमिकता बताया। मोना ने पार्टी में किसी तरह के अंदरूनी मतभेद की अटकलों को भी खारिज किया। उनका कहना था कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह है और संगठन की समीक्षा के दौरान जिला स्तर के नेताओं से बातचीत की जा रही है। उन्होंने कहा कि पार्टी का मकसद INDIA गठबंधन को मजबूत करना और 2027 में उत्तर प्रदेश में सरकार बनाने के लिए तैयारी करना है।
सुप्रिया श्रीनेत को गठबंधन पर भरोसा
कांग्रेस नेता सुप्रिया श्रीनेत भी सपा के साथ सीटों के बंटवारे को लेकर सकारात्मक रुख दिखा चुकी हैं। उन्होंने कहा था कि जिन नेताओं को बातचीत की जिम्मेदारी दी गई है, वे जल्द बैठक करेंगे। श्रीनेत के मुताबिक, दोनों दलों के बीच अच्छा समझौता होगा और मजबूत गठबंधन चुनाव मैदान में उतरेगा। हालांकि, सीटों की संख्या पर अंतिम सहमति अभी सामने नहीं आई है। दोनों दलों के नेताओं के बयानों से साफ है कि बातचीत का नतीजा शीर्ष नेतृत्व के फैसले पर निर्भर करेगा।
2022 और 2024 के नतीजों से समझिए गठबंधन का गणित
सीटों के बंटवारे की बातचीत में दोनों दलों के पिछले चुनावी प्रदर्शन की भूमिका अहम हो सकती है। 2022 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में सपा ने 347 सीटों पर उम्मीदवार उतारे थे और 111 सीटें जीती थीं। कांग्रेस ने 399 सीटों पर चुनाव लड़ा था, लेकिन उसे केवल दो सीटों पर जीत मिली थी। इसके उलट, 2024 के लोकसभा चुनाव में दोनों पार्टियों ने साथ चुनाव लड़ा। उत्तर प्रदेश की 80 लोकसभा सीटों में सपा ने 62 सीटों पर उम्मीदवार उतारे और 37 पर जीत दर्ज की। कांग्रेस ने 17 सीटों पर चुनाव लड़कर छह सीटें जीतीं। आपको बता दें कि उत्तर प्रदेश में विधानसभा की कुल 403 सीटें हैं। ऐसे में सपा और कांग्रेस के सामने सीटों का ऐसा बंटवारा तय करने की चुनौती होगी, जिसमें दोनों दलों की राजनीतिक दावेदारी और संबंधित क्षेत्रों में चुनावी स्थिति को जगह मिल सके। 23 और 24 नवंबर की बैठक से इस दिशा में बातचीत आगे बढ़ने की उम्मीद है।
यह भी पढ़ें: अखिलेश यादव का बड़ा चुनावी वादा, सरकार बनी तो फिर खुलेंगे बंद पड़े स्कूल; बुनकरों को भी देंगे बड़ी राहत