गुरुग्राम: हरियाणा के पूर्व विशेष मुख्य सचिव सुनील कुमार गुलाटी ने शनिवार को चुनाव आयोग (EC) की भूमिका को लेकर अपनी राय रखी है। उन्होंने चुनाव आयोग पर भरोसा जताते हुए कहा कि चुनाव आयोग यह तय नहीं कर सकता कि चुनाव में कौन जीतेगा या कौन हारेगा। लोकतंत्र में चुनाव परिणाम मतदाताओं के मतदान और निर्धारित कानूनी प्रक्रिया के अनुसार घोषित किए जाते हैं।
हर पद पर नियुक्ति और हटाने के लिए एक तय प्रक्रिया
इस संदर्भ में सुनील कुमार गुलाटी ने कहा कि चुनाव आयोग पर लगाए गए आरोपों के लिए ठोस सबूत होने चाहिए। उन्होंने कहा कि "जो लोग चुनाव अधिकारियों के ख़िलाफ़ कार्रवाई चाहते हैं, वे सही अदालतों में जा सकते हैं और अपने आरोपों को साबित करने के लिए तय प्रक्रियाओं का पालन कर सकते हैं।" क्योंकि "हर पद पर नियुक्ति और हटाने के लिए एक तय प्रक्रिया होती है।
वोटर अपने फ़ैसले खुद लेने में सक्षम: गुलाटी
अलग-अलग राज्यों में चुनाव नतीजों का ज़िक्र करते हुए गुलाटी ने कहा कि जीत और हार लोकतांत्रिक प्रक्रिया का हिस्सा हैं। उन्होंने कहा, "वही सिस्टम चुनाव कराता है जिसमें कोई पार्टी हिमाचल, कर्नाटक या कहीं और से जीत या हार सकती है। जीत और हार इसी प्रक्रिया का हिस्सा हैं।" गुलाटी ने आगे कहा कि चुनाव आयोग यह तय नहीं कर सकता कि चुनाव में कौन जीतेगा या हारेगा, क्योंकि वोटर अपने फ़ैसले खुद लेने में सक्षम हैं।