नई दिल्ली: कांग्रेस सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर लोकतंत्र और भारत के युवाओं का भविष्य बर्बाद करने का आरोप लगाया। उन्होंने पीएम मोदी पर हमला बोलते हुए कहा कि ‘मोगैम्बो मोदी ने लोकतंत्र और भारत के युवाओं का भविष्य बर्बाद कर दिया है।’ पीएम, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, RSS प्रमुख मोहन भागवत, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को न्याय के कटघरे में लाया जाएगा।

मोगैंबो मोदी ने बर्बाद किया युवाओं का भविष्य 

दरअसल, शनिवार को सोशल मीडिया X पर पोस्ट करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि, "मोगैंबो मोदी ने लोकतंत्र और भारत के युवाओं का भविष्य बर्बाद कर दिया है।" उन्होंने आगे कहा, "दुनिया में ऐसी कोई ताकत नहीं है जो मोदी, शाह, भागवत, डोभाल और ज्ञानेश को न्याय के कटघरे में लाए जाने से रोक सके।" इस बयान के जरिए उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व पर सवाल उठाए और युवाओं के भविष्य को लेकर अपनी चिंता जाहिर की।

पीछे नहीं हटेंगे विरोध प्रदर्शन करते रहेंगे: विपक्ष

इससे पहले, मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विरोध प्रदर्शनों के बीच विपक्ष के पीछे न हटने पर जोर देते हुए, राहुल गांधी ने शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सभी प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार करने की चुनौती दी। उन्होंने कहा कि वे संविधान की रक्षा और भारतीय लोगों की आवाज़ की सुरक्षा के लिए अपनी लड़ाई जारी रखेंगे।

एकजुटता होकर प्रदर्शन जारी रखने का किया आग्रह

विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने प्रदर्शन कर रहे युवाओं के साथ एकजुटता भी जताई और उनसे अपना प्रदर्शन जारी रखने का आग्रह किया। X पर एक पोस्ट में गांधी ने कहा कि वह एक दशक से अधिक समय से पीएम मोदी और RSS से लड़ रहे हैं और दावा किया कि वह अपने राजनीतिक विरोधियों को "अच्छी तरह" समझते हैं।