नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार 13, अक्टूबर को अपने कनाडाई समकक्ष मार्क कार्नी के साथ टेलीफोन पर बातचीत की। इस दौरान दोनों देशों के नेताओं ने भारत-कनाडा संबंधों में सकारात्मक गति, व्यापार और ऊर्जा जैसे प्रमुख क्षेत्रों में ठोस परिणामों की दिशा में काम करने की आवश्यकता पर सहमति जताई।
भारत-कनाडा संबंधों को मिलेगी सकारात्मक गति
दरअसल, दोनों देशों के बीच यह बातचीत कनाडाई विदेश मंत्री अनीता आनंद की भारत यात्रा से पहले हुई। इस संदर्भ में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि, "कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी के साथ गर्मजोशी से भरी हमारी सार्थक बातचीत हुई। हम भारत-कनाडा संबंधों में सकारात्मक गति लाने और व्यापार, ऊर्जा, प्रौद्योगिकी, सुरक्षा एवं लोगों के संबंधों सहित, रणनीतिक साझेदारी के प्रमुख क्षेत्रों में ठोस परिणामों की दिशा मे काम करने पर सहमत हुए।"
2030 तक आपसी व्यापार को दोगुना करने का लक्ष्य
इस बातचीत के दौरान भारत-कनाडा के बीच आर्थिक संबंधों को आगे बढ़ाने पर भी जोर दिया गया। दोनों देश व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौते (CEPA) पर बातचीत को जल्द पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। कनाडा के प्रधानमंत्री कार्यालय के मुताबिक, दोनों देश 2030 तक आपसी व्यापार को दोगुना करने के लक्ष्य की दिशा में काम करेंगे। इसका उद्देश्य व्यापार, निवेश और विभिन्न क्षेत्रों में नए कारोबारी अवसर तलाशना है।
ये भी पढ़ें-ममता बनर्जी पर हमले की कोशिश का दावा, साड़ी में चाकू छिपाकर पहुंची महिला? जानिए क्या है पूरा मामला