नई दिल्ली/तिरुवनंतपुरम: कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने लोकसभा सीटों की संख्या बढ़ाकर 850 करने और महिला आरक्षण को परिसीमन से जोड़ने के केंद्र सरकार के प्रस्ताव पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि 850 सदस्यों वाली लोकसभा और साल में महज 50 दिन चलने वाली संसद लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए बड़ी चुनौती होगी। इससे सांसदों को अपनी बात रखने, मंत्रियों से सवाल पूछने और अपने क्षेत्रों की समस्याएं उठाने का पर्याप्त मौका नहीं मिलेगा।
शुक्रवार को तिरुवनंतपुरम में संसद के मानसून सत्र की आगामी बैठक को लेकर मीडिया से बातचीत करते हुए थरूर ने कहा कि कांग्रेस महिला आरक्षण के पूरी तरह समर्थन में है और इसे जल्द से जल्द लागू करने की पक्षधर है। उन्होंने महिला आरक्षण को परिसीमन से जोड़ने के सरकार के फैसले पर सवाल उठाते हुए कहा कि दोनों मुद्दों का आपस में कोई संबंध नहीं है।
महिला आरक्षण और परिसीमन अलग-अलग मुद्दे: थरूर
शशि थरूर ने कहा कि कांग्रेस शुरू से ही महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने के पक्ष में रही है। जब महिला आरक्षण विधेयक पारित हुआ था, तब भी पार्टी चाहती थी कि इसे तत्काल लागू किया जाए। लेकिन सरकार ने इसे अधिसूचित करने में तीन साल लगा दिए।
उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण लागू करने के लिए परिसीमन की अनिवार्यता बताना पूरी तरह गलत है। महिला आरक्षण और परिसीमन दो अलग-अलग विषय हैं। सरकार को बिना देरी किए महिला आरक्षण लागू करना चाहिए।
850 सांसद और 50 दिन की संसद पर उठाए सवाल
थरूर ने प्रस्तावित 850 सदस्यीय लोकसभा पर चिंता जताते हुए कहा कि मौजूदा सरकार के कार्यकाल में संसद के कामकाज के दिनों में लगातार कमी आई है। अब संसद साल में लगभग 70 दिन ही चल रही है। ऐसे में अगर सांसदों की संख्या 850 कर दी जाती है और संसद का सत्र केवल 50 दिन चलता है, तो लोकतांत्रिक चर्चा प्रभावित होगी।
उन्होंने कहा कि इतनी बड़ी लोकसभा में अधिकांश सांसदों को बोलने का अवसर नहीं मिलेगा। चार घंटे की बहस में 15 से 20 सांसद ही अपनी बात रख पाएंगे, जबकि बाकी सदस्य अपनी बारी का इंतजार करते रह जाएंगे।
थरूर ने सवाल उठाया कि ऐसे में सांसद अपने क्षेत्र की समस्याएं कैसे उठाएंगे, मंत्रियों से सवाल कैसे पूछेंगे और शून्यकाल में जनता के मुद्दों को कैसे सामने रखेंगे?
चीन की सलाहकार सभा से की तुलना
कांग्रेस सांसद ने 850 सदस्यों वाली प्रस्तावित लोकसभा की तुलना चीन की सलाहकार सभा से करते हुए सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि इतनी बड़ी संसद में सांसदों की भूमिका केवल बैठकर मेज थपथपाने तक सीमित रह सकती है। थरूर ने इसे शर्मनाक बताते हुए कहा कि संसद का उद्देश्य केवल सदस्यों की संख्या बढ़ाना नहीं, बल्कि सार्थक चर्चा और जवाबदेही सुनिश्चित करना है।
राज्यों के मुख्यमंत्रियों से सलाह लेने की मांग
थरूर ने परिसीमन की प्रक्रिया पर भी सवाल उठाए। उनका कहना था कि देश की प्रतिनिधित्व व्यवस्था में इतना बड़ा बदलाव करने से पहले व्यापक राष्ट्रीय चर्चा होनी चाहिए थी।
उन्होंने कहा कि जिन राज्यों पर परिसीमन का सीधा असर पड़ने वाला है, वहां के मुख्यमंत्रियों से भी औपचारिक बातचीत की जानी चाहिए। केवल संसद में बैठकर इतना बड़ा फैसला लेना उचित नहीं है। उनके मुताबिक, परिसीमन के दौरान छोटे और बड़े राज्यों के बीच प्रतिनिधित्व के संतुलन पर भी गंभीरता से विचार करना जरूरी है।
यूपी में बढ़ाई जा सकती हैं विधानसभा सीटें: थरूर
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के उस तर्क पर भी थरूर ने प्रतिक्रिया दी, जिसमें 1970 के दशक के बाद देश की आबादी में हुई वृद्धि के आधार पर लोकसभा सीटें बढ़ाने की जरूरत बताई गई है।
थरूर ने कहा कि आबादी बढ़ने के कारण सांसदों पर काम का दबाव बढ़ा है, यह बात सही है। लेकिन इसका समाधान लोकसभा का आकार बढ़ाना नहीं है।
उन्होंने सुझाव दिया कि जनता से सीधा संपर्क मजबूत करने के लिए राज्यों की विधानसभाओं में सदस्यों की संख्या बढ़ाई जा सकती है। उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की 400 सदस्यीय विधानसभा को बढ़ाकर 500 सदस्यीय किया जा सकता है, ताकि विधायक अपने क्षेत्रों के लोगों की समस्याओं पर अधिक ध्यान दे सकें।
अमेरिका का उदाहरण देकर सरकार को घेरा
शशि थरूर ने लोकसभा सीटों की संख्या बढ़ाने के प्रस्ताव पर सवाल उठाते हुए अमेरिका का उदाहरण भी दिया। उन्होंने कहा कि अमेरिका में हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स की सदस्य संख्या 1929 से 435 पर स्थिर है, जबकि वहां की आबादी में तीन गुना से अधिक वृद्धि हुई है।
उन्होंने सवाल किया कि जब अमेरिका जैसे बड़े लोकतंत्र में प्रतिनिधियों की संख्या लगातार नहीं बढ़ाई गई, तो भारत में ही हर बार सांसदों की संख्या बढ़ाने की जरूरत क्यों महसूस की जा रही है?
30 नवंबर से 3 दिसंबर तक संसद की बैठक
गौरतलब है कि संसद का मानसून सत्र 13 अगस्त को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित हुआ था, लेकिन इसे औपचारिक रूप से सत्रावसान नहीं किया गया था। अब सरकार ने 30 नवंबर से 3 दिसंबर तक संसद की बैठक बुलाने का फैसला किया है। इस दौरान लोकसभा की बैठक 30 नवंबर से और राज्यसभा की बैठक 2 दिसंबर से होगी।
इस बीच केंद्र सरकार परिसीमन से जुड़े संवैधानिक संशोधन और विधायी प्रस्तावों को आगे बढ़ाने की तैयारी में है। प्रस्तावित योजना के तहत लोकसभा की अधिकतम सदस्य संख्या 543 से बढ़ाकर 850 तक की जा सकती है। इसके साथ ही महिला आरक्षण को लागू करने का रास्ता तैयार करने की बात कही जा रही है।
इससे पहले अप्रैल 2026 में इस मुद्दे पर सरकार का संवैधानिक संशोधन प्रस्ताव जरूरी दो-तिहाई बहुमत हासिल नहीं कर पाया था।
थरूर ने कहा कि इतने महत्वपूर्ण संवैधानिक बदलाव पर बिना व्यापक चर्चा और राज्यों की सहमति के आगे बढ़ना उचित नहीं है। उन्होंने चेतावनी दी कि केवल सदन में बहुमत जुटा लेना किसी फैसले को सही साबित नहीं करता। लोकतंत्र में प्रक्रिया, सहमति और सभी पक्षों की भागीदारी भी उतनी ही महत्वपूर्ण है।
यह भी पढ़ें: परिसीमन पर आर-पार की जंग: बीजेपी को कितना फायदा, क्यों मचा सियासी घमासान?