नई दिल्ली: आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आज तेजी से दुनिया बदल रहा है। शिक्षा से लेकर स्वास्थ्य और रक्षा क्षेत्र तक इसकी भूमिका लगातार बढ़ रही है। लेकिन क्या मशीनें इंसानी भावनाओं और संवेदनाओं की जगह ले सकती हैं? रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने इसी सवाल को उठाते हुए कहा कि तकनीक कितनी भी आधुनिक क्यों न हो जाए, वह इंसान की संवेदना, सहानुभूति और करुणा की जगह कभी नहीं ले सकती। उन्होंने कहा कि AI किसी मरीज की मेडिकल रिपोर्ट का विश्लेषण तो कर सकता है, लेकिन किसी परेशान मां को यह भरोसा नहीं दिला सकता कि उसका बच्चा ठीक हो जाएगा।
रक्षा मंत्री शुक्रवार को बेंगलुरु में BGS के 18वें स्थापना दिवस और एक नई चिकित्सा सुविधा के उद्घाटन समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने डॉक्टरों और चिकित्सा क्षेत्र से जुड़े पेशेवरों से तकनीकी नवाचार के साथ मानवीय संवेदनाओं को भी बनाए रखने की अपील की।
AI मां को नहीं दे सकता बच्चे के ठीक होने का भरोसा
राजनाथ सिंह ने अपने संबोधन में AI और मशीन लर्निंग के बढ़ते इस्तेमाल का जिक्र करते हुए कहा कि आज शायद ही कोई ऐसा क्षेत्र बचा हो, जहां तकनीक का प्रभाव न पहुंचा हो। स्वास्थ्य क्षेत्र भी इससे अछूता नहीं है। हालांकि, उन्होंने साफ किया कि चिकित्सा में तकनीक की भूमिका महत्वपूर्ण होने के बावजूद इंसानी संवेदना का महत्व कम नहीं होना चाहिए।
उन्होंने कहा कि किसी मां को यह भरोसा नहीं दिला सकता कि उसका बच्चा ठीक हो जाएगा। यह किसी बुजुर्ग मरीज का हाथ पकड़कर यह नहीं कह सकता कि चिंता मत कीजिए, हम आपको बेहतर करने की पूरी कोशिश करेंगे।''
रक्षा मंत्री के मुताबिक, तकनीक मेडिकल रिपोर्ट का विश्लेषण कर सकती है, शारीरिक दर्द का पता लगा सकती है, लेकिन मरीज की भावनाओं, डर और मानसिक पीड़ा को पूरी तरह नहीं समझ सकती।
डॉक्टरों से बोले- विज्ञान के साथ संवेदना भी जरूरी
राजनाथ सिंह ने चिकित्सा पेशेवरों से अपील की कि वे अपने काम में आधुनिक तकनीक और मानवीय संवेदनाओं के बीच संतुलन बनाए रखें। उन्होंने कहा कि चिकित्सा केवल बीमारी की पहचान करने और उसका इलाज करने का विज्ञान नहीं है, बल्कि मरीज को उम्मीद, भरोसा और मानसिक सहारा देने की कला भी है।
उन्होंने कहा कि मरीज के लिए डॉक्टर का व्यवहार और भरोसा भी इलाज का महत्वपूर्ण हिस्सा होता है। ऐसे में तकनीकी प्रगति के साथ डॉक्टरों में करुणा और सहानुभूति की भावना बनी रहनी चाहिए।
12 साल में स्वास्थ्य बजट में 194% से ज्यादा की बढ़ोतरी
अपने संबोधन में रक्षा मंत्री ने पिछले 12 वर्षों के दौरान देश के स्वास्थ्य क्षेत्र में हुए बदलावों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि भारत डिजिटल हेल्थकेयर के क्षेत्र में वैश्विक नेतृत्व की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
राजनाथ सिंह के मुताबिक, पिछले 12 वर्षों में भारत का स्वास्थ्य बजट 194 प्रतिशत से अधिक बढ़ा है। आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के तहत देशभर में 97.5 करोड़ से ज्यादा आयुष्मान भारत हेल्थ अकाउंट (ABHA) बनाए जा चुके हैं।
उन्होंने कहा कि भारत का स्वास्थ्य तंत्र पहले के मुकाबले अधिक कनेक्टेड, इंटरऑपरेबल और नागरिक-केंद्रित बन रहा है। डिजिटल तकनीक के इस्तेमाल से स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक प्रभावी और सुलभ बनाने की दिशा में काम किया जा रहा है।
MRI और CT स्कैन मशीनों का देश में हो रहा निर्माण
राजनाथ सिंह ने मेडिकल उपकरणों के क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की दिशा में उठाए गए कदमों का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार ने मेडिकल डिवाइस के घरेलू निर्माण को बढ़ावा देने के लिए प्रोडक्शन लिंक्ड इंसेंटिव (PLI) योजना शुरू की है।
इसका असर अब दिखाई देने लगा है। भारत में कई आधुनिक चिकित्सा उपकरणों का निर्माण शुरू हुआ है। इनमें MRI और CT स्कैन मशीन, लीनियर एक्सीलरेटर, मैमोग्राफी और अल्ट्रासाउंड मशीन, C-Arm, हार्ट वाल्व और स्टेंट जैसे महत्वपूर्ण उपकरण शामिल हैं।
उन्होंने CAR-T सेल थेरेपी का भी जिक्र किया। राजनाथ सिंह ने कहा कि भारत ने दुनिया की सबसे किफायती CAR-T सेल थेरेपी में से एक विकसित की है। इससे ऐसी आधुनिक चिकित्सा सुविधा भारत में काफी कम लागत पर उपलब्ध हो रही है, जो पहले मुख्य रूप से कुछ विकसित देशों तक सीमित थी।
चरक और सुश्रुत का जिक्र कर आयुर्वेद की बताई अहमियत
राजनाथ सिंह ने भारत की प्राचीन चिकित्सा परंपरा का उल्लेख करते हुए आचार्य चरक और आचार्य सुश्रुत के योगदान को याद किया। उन्होंने आयुर्वेद को दुनिया के लिए भारत के अमूल्य उपहारों में से एक बताया।
उन्होंने कहा कि आयुर्वेद शरीर, मन और आत्मा के बीच संतुलन पर जोर देता है। उनके मुताबिक, आधुनिक विज्ञान और तकनीक के साथ भारत की पारंपरिक चिकित्सा विरासत को भी महत्व दिया जाना चाहिए।
AI से मशीनें सोच रहीं, लेकिन क्या इंसान खुद को समझ रहा है?
अपने संबोधन में रक्षा मंत्री ने तकनीकी विकास के साथ आध्यात्मिकता के महत्व पर भी बात की। उन्होंने कहा कि AI के माध्यम से अब मशीनों को सोचने, सीखने और निर्णय लेने में सक्षम बनाया जा रहा है। लेकिन इस प्रगति के बीच एक सवाल यह भी है कि क्या इंसान खुद को समझने में भी उतनी ही तेजी से आगे बढ़ रहा है?
उन्होंने कहा कि आध्यात्मिकता का मतलब दुनिया से दूर हो जाना नहीं है। बल्कि यह दुनिया में रहते हुए अपनी जिम्मेदारियों को बेहतर तरीके से निभाने की प्रेरणा देती है।
युवाओं से NCC और सेना में शामिल होने की अपील
कार्यक्रम के अंत में राजनाथ सिंह ने युवाओं से राष्ट्र निर्माण और राष्ट्रीय सुरक्षा में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि देश की सीमाओं पर तैनात सैनिक हमारी सुरक्षा करते हैं, लेकिन राष्ट्रीय सुरक्षा केवल सीमा पर खड़े जवानों की जिम्मेदारी नहीं है। इसमें हर नागरिक और विशेष रूप से युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है।
उन्होंने युवाओं से राष्ट्रीय कैडेट कोर (NCC) से जुड़ने और अनुशासन, समर्पण तथा सेवा की भावना के साथ देश के निर्माण में योगदान देने की अपील की। साथ ही उन्होंने सशस्त्र बलों और सैन्य चिकित्सा सेवाओं में करियर बनाने के विकल्पों पर भी विचार करने को कहा।
राजनाथ सिंह ने संस्थान की ओर से जगद्गुरु श्री डॉ. बालगंगाधरनाथ महास्वामी जी की स्थापित त्रिविध दासोह परंपरा को आगे बढ़ाने की भी सराहना की। इस परंपरा में अन्न (भोजन), अक्षर (शिक्षा) और आरोग्य (स्वास्थ्य सेवा) के माध्यम से समाज की सेवा करने पर जोर दिया जाता है।
रक्षा मंत्री का संदेश साफ था कि भविष्य की चिकित्सा व्यवस्था में AI और आधुनिक तकनीक की भूमिका जरूर बढ़ेगी, लेकिन मरीज को भरोसा देने वाला डॉक्टर का मानवीय स्पर्श हमेशा जरूरी रहेगा।