केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने देश विरोधी साजिश को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने भारत की शक्ति, साहस और दृढ़ नेतृत्व का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत साहस, दृढ़ नेतृत्व और लोकतांत्रिक मूल्यों की धरती है।
मांझी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत माता ने ऐसे साहसी नेतृत्व को जन्म दिया है, जो किसी भी चुनौती से भयभीत नहीं होता।
'देश को नरेंद्र मोदी के रूप में मिला साहसी नेतृत्व'
जीतन राम मांझी ने कहा कि देश को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रूप में एक साहसी नेतृत्व मिला है। उन्होंने भरोसा जताया कि देश का नेतृत्व विरोध और चुनौतियों से निपटना जानता है।उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का जिक्र करते हुए कहा कि वे देश में लोकतंत्र की रक्षा के लिए कृतसंकल्पित हैं।
विपक्ष और युवाओं के इस्तेमाल पर साधा निशाना
केंद्रीय मंत्री ने विपक्ष और खासतौर पर युवाओं का गलत इस्तेमाल कर भ्रामक सियासी एजेंडा चलाने वालों पर निशाना साधा।उन्होंने कहा कि देश के नेतृत्व को भली-भांति मालूम है कि विरोध और चुनौतियों से किस तरह निपटना है।
'भारत भूमि शेरों की धरती है'
मांझी ने कहा, "भारत भूमि शेरों की धरती है। भारत माता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमित शाह जैसे शेर पैदा किए हैं, जो ना कॉक्रोच से डरते हैं ना ही झींगुरों से। हमें पता है कि तेलचट्टों और झींगुरों से कैसे निपटना है।"
संविधान और लोकतंत्र के प्रति जताई प्रतिबद्धता
केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने राष्ट्र के प्रति अपनी प्रतिबद्धता और संवैधानिक मूल्यों में विश्वास व्यक्त किया। उन्होंने भारत माता की जय के साथ संविधान और लोकतंत्र जिंदाबाद का नारा भी दिया।
Reported By- M. Atharuddin Munne Bharti