दिल्ली में शनिवार, 10 अक्टूबर को घर से निकलने से पहले ट्रैफिक एडवाइजरी जरूर देख लें। जंतर-मंतर पर प्रस्तावित CJP के प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने राजधानी में करीब 30 जगहों पर ट्रैफिक प्रभावित होने की आशंका जताई है।
हालात के हिसाब से कई रास्तों पर वाहनों की आवाजाही बदली जा सकती है। पुलिस ने लोगों को यात्रा के लिए अतिरिक्त समय लेकर चलने की सलाह दी है।
सुबह 6 बजे से लागू हो सकते हैं ट्रैफिक डायवर्जन
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की एडवाइजरी के मुताबिक, शनिवार सुबह 6 बजे से जरूरत के अनुसार ट्रैफिक डायवर्जन लागू किए जा सकते हैं। यह व्यवस्था मौके पर सुरक्षा और कानून-व्यवस्था की स्थिति को देखते हुए बदली भी जा सकती है।
पुलिस ने खास तौर पर नई दिल्ली और मध्य दिल्ली की ओर जाने वाले लोगों को पहले से अपना रास्ता तय करने की सलाह दी है। रेलवे स्टेशन, अंतरराज्यीय बस अड्डों (ISBT) और एयरपोर्ट जाने वाले यात्रियों को अतिरिक्त समय लेकर निकलने को कहा गया है।
इन प्रमुख इलाकों में प्रभावित हो सकता है ट्रैफिक
ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, राजधानी के कई प्रमुख चौराहों और सड़कों पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो सकती है। इनमें शामिल हैं:
- शंकर रोड-वंदे मातरम टी-पॉइंट
- धौला कुआं फ्लाईओवर
- झंडेवालान और पंचकुइयां
- मंडी हाउस
- मिंटो रोड-दीन दयाल उपाध्याय मार्ग
- गुरु नानक चौक
- कनॉट प्लेस
- जंतर-मंतर रोड
- लोधी रोड फ्लाईओवर और नीला गुंबद
- सम्राट होटल राउंडअबाउट
- सरदार पटेल मार्ग-पंचशील मार्ग चौराहा
- भीकाजी कामा प्लेस और मोती बाग फ्लाईओवर
- विंडसर पैलेस राउंडअबाउट
- रेल भवन राउंडअबाउट
- पटेल चौक और आरएमएल अस्पताल राउंडअबाउट
पुलिस ने साफ किया है कि ट्रैफिक व्यवस्था मौके के हालात के अनुसार नियंत्रित की जाएगी। इसलिए इन इलाकों से गुजरने वाले लोगों को यात्रा शुरू करने से पहले ताजा अपडेट देखना चाहिए।
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने यात्रियों को क्या सलाह दी?
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे गैर-जरूरी यात्रा से बचें और घर से निकलने से पहले संभावित जाम व डायवर्जन को ध्यान में रखें। रास्ते में ट्रैफिक पुलिस के निर्देशों का पालन करने को भी कहा गया है। ट्रैफिक से जुड़ी सहायता के लिए 1095 या 011-25844444 पर संपर्क किया जा सकता है।
CJP के प्रदर्शन को लेकर दिल्ली में सुरक्षा बढ़ी
जंतर-मंतर पर 10 अक्टूबर को प्रस्तावित CJP प्रदर्शन को लेकर राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है। प्रदर्शन से जुड़ी मांगों में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR का विरोध शामिल है। इसी स्थिति को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने संभावित भीड़ और कानून-व्यवस्था की परिस्थितियों के मद्देनजर एडवाइजरी जारी की है। पुलिस के मुताबिक, रास्तों पर पाबंदियां और डायवर्जन मौके की स्थिति के आधार पर लागू किए जाएंगे।