Jantar Mantar Protest: दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिए जाने के बाद Cockroach Janata Party (CJP) के कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला बोला है। पार्टी के कार्यकर्ता अभिजीत दीपके ने आरोप लगाया कि सरकार विरोध प्रदर्शनों से परेशान है। उन्होंने कहा कि जंतर-मंतर को प्रदर्शन स्थल की सूची से हटाने से आंदोलन खत्म नहीं होगा, बल्कि विरोध की आवाज देशभर में उठेगी।
तानाशाह को हमेशा प्रदर्शन से परेशानी होती है
मंगलवार को पत्रकारों से बातचीत में अभिजीत दीपके ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जंतर-मंतर जगह से नहीं, बल्कि विरोध प्रदर्शन से परेशानी है। उन्होंने आरोप लगाया कि जंतर-मंतर को प्रदर्शन स्थल के रूप में अधिसूचित सूची से हटाकर आंदोलन को रोकने की कोशिश की जा रही है।
दीपके ने कहा कि जंतर-मंतर केवल एक जगह नहीं, बल्कि प्रतिरोध की भावना का प्रतीक है। उनके मुताबिक, अब विरोध केवल दिल्ली तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि देशभर में प्रदर्शन किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि सरकार की कार्रवाई से प्रदर्शनकारियों का हौसला कम नहीं होगा।
जंतर-मंतर में प्रवेश के बाद हिरासत में लिए गए कार्यकर्ता
CJP के कार्यकर्ताओं ने दावा किया कि पुलिस की कार्रवाई के बावजूद वे जंतर-मंतर पहुंचने में सफल रहे। पार्टी के सौरव दास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर कहा कि कार्यकर्ता जंतर-मंतर में दाखिल हुए और इसके बाद उन्हें हिरासत में ले लिया गया। आशुतोष रांका ने भी पोस्ट करते हुए दावा किया कि जंतर-मंतर की सुरक्षा घेराबंदी तोड़ी गई है। अभिजीत दीपके ने तिरंगा लहराते हुए रांका की तस्वीर साझा की।
दिल्ली पुलिस ने इससे पहले आशुतोष रांका, सौरव दास और अजिंक्य शिंदे समेत कुछ कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया था। रिपोर्ट के मुताबिक, प्रदर्शनकारियों ने जंतर-मंतर में प्रवेश करने के लिए सुरक्षा घेरा पार करने की कोशिश की थी। पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और उन्हें हिरासत में लेकर वहां से हटाया।
मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग भी उठाई
प्रदर्शन के दौरान CJP के कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग भी दोहराई। सौरव दास ने अपनी पोस्ट में युवाओं को संदेश देते हुए कहा कि इस कार्रवाई के बावजूद विरोध की आवाज को दबाया नहीं जा सकता। वहीं, आशुतोष रांका ने ‘Hands Off Jantar Mantar’ का नारा दिया। पार्टी के कार्यकर्ताओं का कहना है कि किसी स्थान को प्रदर्शन स्थल की सूची से हटाने से विरोध करने की भावना समाप्त नहीं होगी।
आगे की रणनीति पर क्या बोली पार्टी?
अभिजीत दीपके के मुताबिक, पार्टी की आगे की रणनीति पर चर्चा जारी है। उन्होंने बताया कि आशुतोष रांका और सौरव दास दिल्ली में टीम के साथ विचार-विमर्श कर रहे हैं। आगे के कार्यक्रमों की घोषणा बाद में की जाएगी। जंतर-मंतर पर हुई इस कार्रवाई के बाद प्रदर्शन स्थल की अधिसूचना, विरोध के अधिकार और पुलिस की कार्रवाई को लेकर बहस तेज हो गई है। फिलहाल CJP ने देशभर में प्रदर्शन करने का ऐलान किया है, जबकि उसकी अगली रणनीति का आधिकारिक विवरण सामने आना बाकी है।
और पढ़ें: