नई दिल्ली: दिल्ली में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ और मतदाता सूची में कथित अनियमितताओं के मुद्दे पर 10 अक्टूबर को प्रदर्शन का आह्वान किया गया है। इस प्रदर्शन को लेकर दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की है। अधिकारियों ने नई दिल्ली और हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशनों पर आने-जाने वाली कई ट्रेनों को रद्द करने का फैसला लिया है। इसके अलावा, दिल्ली मेट्रो के 57 स्टेशनों को बंद करने की घोषणा की गई है। इन कदमों का उद्देश्य प्रदर्शन के दौरान संभावित भीड़ और यातायात संबंधी समस्याओं को नियंत्रित करना बताया गया है।

प्रदर्शनों के मद्देनजर ट्रेन रोके जाने पर चिराग ने उठाए सवाल

राष्ट्रीय राजधानी के लिए ट्रेनें रद्द होने और दिल्ली मेट्रो सेवाओं पर पाबंदियों के बीच, केंद्रीय मंत्री और LJP (RV) प्रमुख चिराग पासवान ने कहा कि भारत के युवाओं को कोई नहीं रोक सकता और कनेक्टिविटी को लंबे समय तक बाधित नहीं किया जा सकता। इस संदर्भ में NDA के अहम सहयोगी चिराग पासवान ने 10 अक्टूबर के विरोध प्रदर्शनों के मद्देनजर उठाए जा रहे कदमों के बारे में पूछे जाने पर कहा कि, "ये भारत के युवा हैं, इन्हें कोई नहीं रोक सकता। जो लोग ऐसी गलतफहमियां फैलाने की कोशिश करते हैं, वे कितनी ट्रेनें रोक लेंगे? कितनी कनेक्टिविटी रोक लेंगे? कितनी सड़कें जाम कर देंगे?" वे हरियाणा के सोनीपत में एक दीक्षांत समारोह के दौरान पत्रकारों के सवालों का जवाब दे रहे थे।

NDA सरकार के फैसलों के ख़िलाफ़ चिराग ने विरोध जताया

उन्होंने कहा, "भारत के युवाओं में दुनिया को रास्ता दिखाने की क्षमता है। वे पीढ़ियों से ऐसा करते आ रहे हैं; उन्हें कोई नहीं रोक सकता।" हाल के समय में, चिराग ने NDA सरकार के फैसलों के ख़िलाफ़ हल्के लेकिन खुले तौर पर विरोध जताया है। इससे पहले, चिराग ने उन छात्रों का समर्थन किया था जिन्होंने आने वाली शिक्षक भर्ती परीक्षा-4 (TRE-4) के लिए बिहार लोक सेवा आयोग की दो-स्तरीय परीक्षा प्रणाली का विरोध किया था।