नई दिल्ली: कांग्रेस नेता राहुल गांधी और कर्नाटक के मुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार से जुड़ा एक वीडियो राजनीतिक विवाद का विषय बन गया है। बीजेपी नेताओं ने इस वीडियो को लेकर राहुल गांधी की आलोचना की है। असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने भी इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए अपने 2015 के कांग्रेस छोड़ने के घटनाक्रम का जिक्र किया।

वीडियो का ज़िक्र कर हिमंत ने राहुल पर साधा निशाना

असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने मंगलवार को राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए एक वीडियो का ज़िक्र किया। जिसमें कांग्रेस नेता राहुल गांधी नई दिल्ली में विपक्ष के मार्च के दौरान कर्नाटक के मुख्यमंत्री डी. के. शिवकुमार का कॉलर खींचते हुए दिख रहे थे। सरमा ने इस घटना को "सार्वजनिक अपमान" बताया और सवाल किया कि क्या कर्नाटक के नेता इसे स्वीकार करेंगे।

डी. के. शिवकुमार को लेकर राहुल गांधी पर उठाए सवाल

इस संदर्भ में मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा कि, "कर्नाटक के मुख्यमंत्री डी. के. शिवकुमार सिर्फ़ एक व्यक्ति नहीं हैं। वे एक संवैधानिक पद पर हैं और एक ऐसे राज्य का चेहरा हैं जिसका इतिहास शानदार है, संस्कृति समृद्ध है और जिसे अपने पर गहरा गर्व है।" उन्होंने सवाल किया, "क्या वे डी. के. शिवकुमार इस सार्वजनिक अपमान के आगे झुकेंगे?"

X पर वीडियो शेयर कर 2015 की घटना का किया जिक्र

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर वीडियो शेयर करते हुए हिमंत बिस्वा सरमा ने 2015 में राहुल गांधी के साथ हुए अपने मतभेद का ज़िक्र किया, जब वे कांग्रेस में थे। उन्होंने कहा कि "2015 में, एक गर्वित असमिया के तौर पर मैंने अपमान सहने से इनकार कर दिया था। भगवान मुझ पर मेहरबान थे।" हिमंत बिस्वा सरमा ने राहुल गांधी की राजनीतिक छवि पर भी निशाना साधते हुए कहा कि "'रीइन्वेंशन' यानी नई छवि बनाने की कोशिश से अहंकार छिप नहीं सकता। आप चाहे जितने भी मुखौटे बदल लें, असली चेहरा वही रहता है।"

जानें क्या है विवादित वीडियो का पूरा मामला

दिल्ली विरोध मार्च के वीडियो में, कांग्रेस कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ के बीच, डी. के. शिवकुमार  को सबसे आगे की लाइन की ओर बढ़ते हुए देखा गया, जहाँ राहुल गांधी, AISA प्रमुख नेहा बोरा और वायनाड की सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा के साथ मार्च कर रहे थे। जब कर्नाटक के CM डी. के. शिवकुमार ने विपक्ष के कांग्रेस नेता राहुल गांधी के दाईं ओर से आगे बढ़ने की कोशिश की, तो राहुल गांधी ने उन्हें उनके कुर्ते के कॉलर से पीछे खींचते हुए दिखे। ऐसा लगा कि डी. के. शिवकुमार का संतुलन बिगड़ गया और राहुल गांधी के सुरक्षा कर्मियों ने उन्हें और पीछे धकेल दिया।

ये भी पढ़ें-लंदन में भारतीय मूल के सिख शेफ का रेस्टोरेंट बंद होने की कगार पर, Google पर लगाए गंभीर आरोप, पाकिस्तान से मिली थी धमकी