ग्रेटर नोएडा: उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में एक महिला सब इंस्पेक्टर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। जारचा कोतवाली में तैनात महिला दरोगा रश्मि गौतम का शव थाने के बाथरूम में मिला। वह 2023 बैच की सब इंस्पेक्टर थीं। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, ड्यूटी के दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई थी। इसके बाद वह बाथरूम गईं, जहां उनका शव मिला। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए।

ड्यूटी के दौरान अचानक बिगड़ी तबीयत

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, रश्मि गौतम जारचा कोतवाली में ड्यूटी पर तैनात थीं। इसी दौरान उनकी तबीयत अचानक खराब हो गई। इसके बाद वह थाने के बाथरूम में गईं। काफी देर तक बाहर नहीं आने पर जब जानकारी हुई तो उनका शव बाथरूम में मिला। इस घटना के सामने आने के बाद थाने में अफरा-तफरी मच गई।

यह भी पढ़ें: NSA का सीक्रेट नेटवर्क ठप, Apple की कई सर्विस पर पड़ा असर; मार्को रुबियो बोले- साइबर अटैक का कोई सबूत नहीं

हार्ट अटैक की आशंका, शरीर पर नहीं मिले चोट के निशान

मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। शुरुआती जांच में महिला दरोगा के शरीर पर किसी तरह के बाहरी चोट के निशान नहीं मिले हैं। ऐसे में शुरुआती तौर पर हार्ट अटैक से मौत होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, अभी तक मौत की असली वजह की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

फोरेंसिक टीम ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलने पर एडीसीपी समेत वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लिया। इसके साथ ही फोरेंसिक टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया। टीम ने मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू की है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगी मौत की वजह

महिला सब इंस्पेक्टर रश्मि गौतम के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। फिलहाल हार्ट अटैक की आशंका जताई जा रही है, लेकिन मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। 2023 बैच की महिला अधिकारी की अचानक मौत से पुलिस विभाग में शोक का माहौल है।

यह भी पढ़ें: सुबह की 10 बड़ी खबरें: 10 राज्यों में बारिश का अलर्ट, लतीफ भट ढेर, दिल्ली में प्रदूषण केंद्रों का कायाकल्प; जानें बड़े अपडेट