AI Jobs Without Engineering Degree: आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) तेजी से हमारी काम करने के तरीकों को बदल रहा है। मीडिया, मार्केटिंग, एजुकेशन से लेकर बैंकिंग तक, हर क्षेत्र में AI का इस्तेमाल बढ़ रहा है। इसके साथ ही इस इंडस्ट्री में नौकरियों के नए अवसर भी पैदा हो रहे हैं। अगर आपको लगता है कि AI में नौकरी पाने के लिए इंजीनियरिंग की डिग्री जरूरी है, तो ऐसा नहीं है। कई ऐसे काम हैं, जिनमें बिना इंजीनियरिंग डिग्री के भी करियर शुरू किया जा सकता है।

AI में मिलती हैं ये नॉन-टेक नौकरियां

AI इंडस्ट्री में सिर्फ कोडिंग करने वालों की ही मांग नहीं है। कंपनियों को कंटेंट राइटर, AI ट्रेनर, डेटा एनोटेटर, रिसर्च असिस्टेंट, डिजिटल मार्केटिंग स्पेशलिस्ट और प्रोडक्ट सपोर्ट जैसे पदों के लिए भी लोगों की जरूरत होती है। AI ट्रेनर का काम AI मॉडल के जवाबों की जांच करना और उन्हें बेहतर बनाने के लिए फीडबैक देना होता है। वहीं, डेटा एनोटेटर डेटा को व्यवस्थित और लेबल करने का काम करते हैं। AI कंटेंट स्पेशलिस्ट को कंटेंट तैयार करने के साथ उसकी फैक्ट-चेकिंग और एडिटिंग भी करनी होती है।

नौकरी पाने के लिए सीखें ये स्किल्स

AI में करियर बनाने के लिए सबसे पहले अपनी रुचि के अनुसार क्षेत्र चुनें। नॉन-टेक्निकल जॉब के लिए अच्छी कम्युनिकेशन स्किल, भाषा की समझ, रिसर्च, राइटिंग और प्रॉब्लम सॉल्विंग की क्षमता जरूरी है। इसके साथ ChatGPT जैसे AI टूल्स का सही इस्तेमाल करना भी सीखें। अगर टेक्निकल फील्ड में जाना चाहते हैं, तो Python, स्टैटिस्टिक्स, डेटा एनालिसिस और मशीन लर्निंग की जानकारी हासिल करें। 

डिग्री से ज्यादा काम आएगा आपका पोर्टफोलियो

सिर्फ ऑनलाइन कोर्स या सर्टिफिकेट हासिल करना काफी नहीं है। अपनी स्किल्स दिखाने के लिए छोटे-छोटे प्रोजेक्ट तैयार करें। जैसे AI से तैयार कंटेंट की फैक्ट-चेकिंग, रिसर्च रिपोर्ट या किसी काम को आसान बनाने वाला प्रोजेक्ट। इन्हें अपने पोर्टफोलियो में शामिल करें।

ऐसे शुरू करें AI में करियर

शुरुआत में इंटर्नशिप, फ्रीलांसिंग और एंट्री-लेवल जॉब के लिए आवेदन करें। LinkedIn और कंपनियों की करियर वेबसाइट पर AI Trainer, Data Annotator, AI Content Specialist और Research Assistant जैसे पद सर्च करें। ध्यान रखें, हर कंपनी की योग्यता अलग हो सकती है। नौकरी के नाम पर पैसे मांगने वाले ऑफर से बचें। लगातार नई स्किल सीखते रहें, क्योंकि AI की दुनिया में वही आगे बढ़ेगा जो खुद को समय के साथ अपडेट रखेगा।

ये भी पढ़ें: अनोखे आइडिया ने बदली 2000 बच्चों की किस्मत, मिला प्रतिष्ठित डायना अवार्ड!