UP Election 2027: अयोध्या तो सिर्फ झांकी, काशी मथुरा अभी बाकी, जी हां यह नारा साल 2022 के चुनावों से उपजा जिसके दम पर ही बीजेपी ने जीत हासिल की थी। ऐसे में अब साल 2027 आगामी विधानसभा चुनाव के लिए राजीतिक पार्टी किसी न किसी मुद्दे को लेकर अपना एजेंडा तैयार करने में जुटी है। तमाम पार्टिया हर बार कभी विकास, कानून और महिला सुरक्षा का मुद्दा तो कभी दलित समाज के उत्थान के मुद्दे को अपना एजेंडा बनाती आई है।
हर बार चुनावी पारी खेलने के लिए राजनीतिक सुबे से किसी खास विषय को चुनावी मुद्दा बनाते हैं। बात करें पिछले चुनावों की तो बीजेपी के पास राम मंदिर का मुद्दा था, अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण कर न केवल प्रदेश बल्कि पूरे देश को भगवाधारी बनाकर बीजेपी ने रामराज्य की फिर से स्थापना की।
सियासी चर्चाओं का बाजार तेज
लोगों को रामभक्ति के रंग से सराबोर किया था। उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले मथुरा की श्रीकृष्ण जन्मभूमि का मुद्दा राजनीतिक चर्चा के केंद्र बन चुका है। बीते दिन यूपी के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने संकेत दे दिया है कि, कृष्ण जन्मभूमि पर भव्य मंदिर का निर्माण आगामी चुनाव का बड़ा मुद्दा होगा। मथुरा में BJP की 2 दिवसीय रणनीतिक बैठक और नेताओं के बयानों ने सियासी चर्चाओं का बाजार तेज कर दिया है। हालांकि BJP के चुनावी एजेंडे में कानून-व्यवस्था, महिला सुरक्षा और सरकारी योजनाओं को लाभार्थियों तक पहुंचाना जैसे मुद्दे शामिल होते हैं। लेकिन इस बार मुद्दा राम नहीं बल्कि श्याम को बनाया जाएगा।
13.37 एकड़ ज़मीन के मालिकाना हक से जुड़ा है मामला
मथुरा में विवादित जगह पर एक बड़े कृष्ण मंदिर की मांग आगामी यूपी विधानसभा चुनावों में BJP की राजनीति का मुख्य मुद्दा बन सकती है। जी हां ऐसा हम नहीं कह रहे बल्कि उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने खुद मंगलवार को इसे लेकर बड़ी बात कही। जिसमें उन्होंने कहा कि“ अयोध्या हमारी हुई है, अब मथुरा की बारी है। चुनावी रणनीति तैयार करने के लिए केशव प्रसाद मौर्य BJP के दो दिवसीय बैठक में शामिल होने मथुरा पहुंचे थे।
उन्होंने सोमवार को भी कहा था कि अयोध्या राम मंदिर की तरह, श्री कृष्ण जन्मभूमि-शाही ईदगाह मस्जिद की जगह पर एक बड़े कृष्ण मंदिर का निर्माण करवाया जाएगा, या तो कानूनी प्रक्रिया से या आपसी बातचीत से। यह मस्जिद मुगल बादशाह औरंगजेब के आदेश पर कृष्ण जन्मस्थल के पास बनाई गई थी। जिसे भक्त भगवान कृष्ण का जन्मस्थान मानते हैं। एक मंदिर तोड़कर मस्जिद का निर्माण करवाया गया था। यह विवाद 13.37 एकड़ ज़मीन के मालिकाना हक से जुड़ा है, जिसके बारे में पिटीशनर का दावा है कि यह भगवान श्री कृष्ण विराजमान की है।
श्री कृष्ण का बनेगा भव्य मंदिर
उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव की सियासी बिसात बिछनी शुरू हो गई है। चुनाव में अभी वक्त है, लेकिन राजनीतिक दलों ने अपने-अपने मुद्दों और रणनीतियों को धार देना शुरू कर दिया है। इसी बीच भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने मथुरा से एक ऐसा राजनीतिक संदेश दिया है, जिसने प्रदेश की सियासत में नई बहस छेड़ दी है। सवाल उठने लगा है कि क्या 2027 के विधानसभा चुनाव में अयोध्या के राम मंदिर के बाद मथुरा की श्रीकृष्ण जन्मभूमि चुनावी राजनीति के केंद्र में होगी?
डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने 16 नवंबर को मथुरा में साफ संकेत दिया कि श्रीकृष्ण जन्मभूमि पर भव्य मंदिर का निर्माण आगामी विधानसभा चुनाव का बड़ा मुद्दा होगा। उन्होंने कहा कि अयोध्या में भगवान श्रीराम के भव्य मंदिर की तरह मथुरा में भी भगवान श्रीकृष्ण के जन्मस्थान पर भव्य मंदिर का निर्माण होना चाहिए। उन्होंने इसके लिए न्यायिक प्रक्रिया या आपसी बातचीत का रास्ता अपनाने की बात कही।
'अयोध्या हुई हमारी, अब मथुरा की बारी'
मथुरा में BJP की दो दिवसीय चिंतन बैठक के दौरान केशव प्रसाद मौर्य का बयान राजनीतिक चर्चा का विषय बन गया। उन्होंने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को भी श्रीकृष्ण जन्मभूमि पर मंदिर निर्माण के लिए कारसेवा में शामिल होने का न्योता दिया। मौर्य ने कहा कि यदि अखिलेश यादव भगवान श्रीकृष्ण के सच्चे भक्त हैं तो उन्हें इस अभियान में साथ आना चाहिए। उनके इस बयान को BJP की ओर से समाजवादी पार्टी को राजनीतिक रूप से घेरने की कोशिश के तौर पर भी देखा जा रहा है।
हेमा मालिनी ने भी मथुरा को बताया बड़ा चुनावी मुद्दा
मथुरा से BJP सांसद हेमा मालिनी ने भी श्रीकृष्ण जन्मभूमि पर भव्य मंदिर निर्माण को लेकर बड़ी बात कही। उन्होंने कहा कि अयोध्या में राम मंदिर निर्माण की तरह मथुरा में भी श्रीकृष्ण जन्मभूमि का निर्माण होना चाहिए। उनके बयान से यह संकेत मिला कि पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव में मथुरा के धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व को अपने राजनीतिक विमर्श का हिस्सा बना सकती है।
मथुरा में BJP की चुनावी रणनीति पर मंथन
BJP ने 16 और 17 नवंबर को मथुरा में दो दिवसीय चिंतन बैठक आयोजित की। इसमें पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों और संगठन को मजबूत करने पर चर्चा की। बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक, पार्टी के वरिष्ठ संगठनात्मक पदाधिकारी तथा अन्य नेता शामिल हुए।
पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने भी बैठक में हिस्सा लिया। बैठक में बूथ स्तर पर संगठन की मजबूती, नए मतदाताओं तक पहुंच, महिला सुरक्षा, कानून-व्यवस्था और सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों से संपर्क जैसे विषयों पर भी चर्चा हुई।
अखिलेश यादव के सामने भी चुनौती
मथुरा की राजनीति का एक महत्वपूर्ण पहलू समाजवादी पार्टी भी है। अखिलेश यादव भगवान श्रीकृष्ण के प्रति अपनी आस्था और यादव समाज की सांस्कृतिक पहचान का उल्लेख करते रहे हैं। ऐसे में BJP के नेताओं की ओर से कृष्ण जन्मभूमि का मुद्दा उठाना समाजवादी पार्टी के लिए राजनीतिक बहस का नया मोर्चा खोल सकता है। हालांकि अखिलेश यादव और समाजवादी पार्टी की ओर से इस मुद्दे पर सामने आने वाला विस्तृत राजनीतिक रुख भी आगामी चुनावी विमर्श को प्रभावित कर सकता है।
मंदिर के साथ विकास और रोजगार भी होंगे अहम मुद्दे
2027 का विधानसभा चुनाव केवल धार्मिक और सांस्कृतिक मुद्दों तक सीमित रहेगा, ऐसा मानना अभी जल्दबाजी होगी। BJP की बैठक में कानून-व्यवस्था, महिला सुरक्षा और सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों तक पहुंच को भी चुनावी रणनीति का हिस्सा बनाने पर चर्चा हुई। विपक्ष की तरफ से रोजगार, महंगाई, किसानों की समस्याएं, शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक न्याय जैसे मुद्दे उठाए जाने की संभावना है।
न्यायिक प्रक्रिया के दायरे में है विवाद
मथुरा में श्रीकृष्ण जन्मभूमि और शाही ईदगाह मस्जिद से जुड़ा विवाद न्यायिक प्रक्रिया का विषय है। इस मामले में विभिन्न पक्षों की ओर से अदालतों में याचिकाएं दायर की गई हैं। ऐसे में मंदिर निर्माण को लेकर राजनीतिक बयानबाजी और न्यायिक प्रक्रिया को अलग-अलग संदर्भों में देखना जरूरी है।
2027 में अयोध्या से मथुरा तक पहुंचेगी चुनावी बहस?
डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य के बयान और मथुरा में BJP की रणनीतिक बैठक ने यह बात तो साफ है कि श्रीकृष्ण जन्मभूमि का मुद्दा 2027 के चुनावी मुद्दे के तौर पर मुख्य रूप से उठाया जा रहा है।
अब देखना होगा कि BJP इसे अपने चुनावी अभियान में कितनी प्रमुखता देती है और विपक्ष इस मुद्दे का जवाब किन सवालों और मुद्दों के जरिए देता है। फिलहाल उत्तर प्रदेश की राजनीति में एक नया सवाल गूंज रहा है। क्या 2027 के विधानसभा चुनाव में राम मंदिर के बाद श्रीकृष्ण जन्मभूमि चुनावी बहस का नया केंद्र बनेगी?
यह भी पढ़ें: