Udta Teer Release Date: आयुष्मान खुराना और सारा अली खान की आने वाली फिल्म 'Udta Teer' को लेकर नया अपडेट सामने आया है। फिल्म अब पहले तय की गई तारीख 9 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज नहीं होगी। मेकर्स ने इसकी रिलीज को आगे बढ़ाते हुए 23 अक्टूबर 2026 कर दिया है।

फिल्म की टीम के मुताबिक, ट्रेलर और प्रमोशन को दर्शकों की तरफ से अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है। ऐसे में मेकर्स ने रिलीज के लिए ऐसा समय चुना है, जहां फिल्म को सिनेमाघरों में ज्यादा स्क्रीन और बेहतर प्रदर्शन का मौका मिल सके।

अचानक बढ़ी फिल्मों की भीड़ के बीच फैसला

मेकर्स ने रिलीज डेट बदलने के पीछे सिनेमाघरों में बढ़ती फिल्मों की संख्या को एक वजह बताया है। टीम का कहना है कि 23 अक्टूबर की तारीख फिल्म को ज्यादा साफ रिलीज विंडो देगी और स्क्रीन को लेकर होने वाली प्रतिस्पर्धा कम हो सकती है।फिल्म की टीम ने इसे एक सोच-समझकर लिया गया फैसला बताया है, ताकि 'Udta Teer' को सिनेमाघरों में अपनी कहानी और कंटेंट के दम पर दर्शकों तक पहुंचने का बेहतर मौका मिल सके।

पाकिस्तानी जासूस का किरदार निभा रहे आयुष्मान

'Udta Teer' में आयुष्मान खुराना एक ऐसे पाकिस्तानी जासूस की भूमिका में नजर आएंगे, जिसकी याददाश्त चली जाती है। खास बात यह है कि उसे अपने देश की पहचान याद नहीं रहती, लेकिन उसके अंदर देशभक्ति की भावना बनी रहती है।आयुष्मान के मुताबिक, इसी स्थिति से फिल्म में कॉमेडी और देशभक्ति का अलग तरह का मेल देखने को मिलता है। अभिनेता ने कहा कि फिल्म की कहानी कुछ अलग और अनोखी है और यह उन्हें उनके पुराने दौर के ओरिजिनल कंटेंट की याद दिलाती है।

सारा अली खान समेत ये कलाकार आएंगे नजर

'Udta Teer' से आकाश ए कौशिक बतौर निर्देशक अपना डेब्यू कर रहे हैं। फिल्म में आयुष्मान खुराना और सारा अली खान के अलावा राहुल बोस, राम कपूर, सुहैल नय्यर, गुलशन ग्रोवर, मुकुल देव, रघुबीर यादव, बृजेंद्र काला, संदीप आनंद, सुप्रिया पिलगांवकर और स्मिता तांबे भी अहम भूमिकाओं में हैं।फिल्म का निर्माण करण जौहर, अदार पूनावाला, अपूर्व मेहता, गुनीत मोंगा कपूर और अचिन जैन ने किया है। धर्मा प्रोडक्शंस और सिख्या एंटरटेनमेंट एक बार फिर इस प्रोजेक्ट के लिए साथ आए हैं।