मुंबई: बॉलीवुड अभिनेत्री सैयामी खेर जल्द ही एक इंडो-रशियन ड्रामा फिल्म में नजर आएंगी। इस फिल्म का निर्देशन मैक्सिम कुज़नेत्सोव कर रहे हैं। फिल्म की शूटिंग रूस और भारत में की गई है। इसका निर्माण कार्तिना एंटरटेनमेंट, व्हाइट नाइट फिल्म्स और विश मीडिया ने मिलकर किया है।

विदेशी कलाकारों के साथ काम करने का अनुभव 

सैयामी खेर ने इस अंतरराष्ट्रीय प्रोजेक्ट का हिस्सा बनने के अपने अनुभव को साझा करते हुए कहा कि विदेशी क्रू के साथ काम करना उनके लिए बिल्कुल नया अनुभव था। उन्होंने बताया कि यह उनकी पहली रूस यात्रा थी। मॉस्को की खूबसूरती और वहां फिल्म की शूटिंग का अनुभव उन्हें बेहद पसंद आया।

अभिनेत्री के मुताबिक, फिल्म के सेट पर काम करने का माहौल उनके सामान्य अनुभवों से काफी अलग था। इसके बावजूद उन्होंने इस सहयोग का भरपूर आनंद लिया। सैयामी को उम्मीद है कि यह प्रोजेक्ट उनके लिए भविष्य में और भी अंतरराष्ट्रीय फिल्मों के रास्ते खोलेगा।

फिल्म की कहानी के केंद्र में एक मजबूत महिला किरदार

सैयामी खेर ने कहा कि अलग-अलग देशों और भाषाओं के लोगों के साथ काम करने से कहानी कहने के नए तरीके सीखने का मौका मिलता है। विभिन्न संस्कृतियों के कलाकारों के साथ काम करने से सिनेमा को देखने का नजरिया भी बदलता है।

अभिनेत्री ने यह भी बताया कि फिल्म की कहानी के केंद्र में एक मजबूत महिला किरदार है। हालांकि, उन्होंने अभी फिल्म के नाम, कहानी और अन्य कलाकारों से जुड़ी जानकारी साझा नहीं की है।

यह भी पढ़ें: 'कातिल नहीं… आशिक हूं!' शाहरुख खान की KING का धांसू पोस्टर आउट, लुक देख उड़ जाएंगे होश!