Physical Fight between Nakul Dhull And Gullu: 'बिग बॉस 20' के घर में इन दिनों तनाव बढ़ता नजर आ रहा है। हालिया एपिसोड में वाइल्ड कार्ड कंटेस्टेंट नकुल ढुल और गुल्लू के नाम से मशहूर कुशाल तंवर के बीच तीखी बहस हाथापाई में बदल गई। इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद नकुल के घर से बाहर होने की अटकलें तेज हो गई हैं।

विवाद की शुरुआत काज़ी तौकीर की उस बातचीत से हुई, जिसमें वह साथी कंटेस्टेंट स्काउट के कान में थूकने वाली घटना का मजाक उड़ाते नजर आए। काज़ी, गुल्लू और माही विज समेत कुछ अन्य घरवालों के साथ इस घटना पर चर्चा कर रहे थे। इसी दौरान नकुल ने उनकी बातें सुन लीं और इसकी जानकारी स्काउट को दी।
बहस से हाथापाई तक पहुंचा मामला

इसके बाद स्काउट, यंग DSA और नकुल ने काज़ी से इस मुद्दे पर बात करने का फैसला किया। हालांकि, बातचीत के दौरान गुल्लू के बीच में आने से मामला और बिगड़ गया। गुल्लू ने नकुल को चुनौती देते हुए पूछा, 'भिड़ना है क्या?' इसके बाद नकुल उनकी ओर बढ़े और देखते ही देखते दोनों के बीच हाथापाई शुरू हो गई।

दोनों के बीच बढ़ते विवाद को देखकर घर के अन्य सदस्य बीच-बचाव करने पहुंचे। उन्होंने किसी तरह स्थिति को संभालने की कोशिश की, ताकि झगड़ा और गंभीर रूप न ले।
माही विज ने जताया गुस्सा
इस घटना के बाद माही विज काफी नाराज नजर आईं। गुल्लू का पक्ष लेते हुए उन्होंने नकुल के व्यवहार पर सवाल उठाए और कहा, “तुम मेरे दोस्त को नहीं मार सकते?” उन्होंने बिग बॉस से नकुल को घर से बाहर निकालने की मांग भी की।

क्या घर से बाहर होंगे नकुल ढुल?
नकुल और गुल्लू के बीच पहले से ही तनावपूर्ण संबंध बताए जा रहे हैं। नकुल ने टेलीविजन अभिनेता मनीष गोयल के साथ वाइल्ड कार्ड कंटेस्टेंट के रूप में शो में एंट्री की थी।

आगामी एपिसोड के प्रोमो के बाद नकुल के संभावित एलिमिनेशन को लेकर चर्चाएं तेज हैं। हालांकि, मेकर्स की ओर से अभी तक उनके घर से बाहर होने की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। सलमान खान द्वारा होस्ट किया जाने वाला 'Bigg Boss 20' JioHotstar पर रात 9 बजे स्ट्रीम होता है, जबकि इसका प्रसारण कलर्स टीवी पर रात 10:30 बजे होता है।
ये भी पढ़ें: निरहुआ की शादी और लव लाइफ पर आम्रपाली दुबे ने खोले राज? वायरल हुआ बयान!