O saathi re Trailer Released: इम्तियाज अली एक बार फिर प्यार और रिश्तों की अनकही भावनाओं को पर्दे पर उतारने के लिए तैयार हैं। 'ओ साथी रे' का ट्रेलर रिलीज हो चुका है। इस बार कहानी सिर्फ रोमांस तक सीमित नहीं है, बल्कि एक ऐसी शादी के इर्द-गिर्द घूमती है,
जहां प्यार, जिम्मेदारियां और व्यक्तिगत इच्छाएं आपस में टकराती नजर आती हैं। सीरीज में अदिति राव हैदरी, अविनाश तिवारी और अर्जुन रामपाल मुख्य भूमिकाओं में हैं। इसका प्रीमियर 4 दिसंबर 2026 को नेटफ्लिक्स पर होगा।

प्रेम और शादी के बीच उलझी रोशनी की जिंदगी
ट्रेलर में रोशनी (अदिति राव हैदरी) और करण (अविनाश तिवारी) की शादीशुदा जिंदगी दिखाई गई है, जो धीरे-धीरे मुश्किल मोड़ पर पहुंच रही है। दोनों के रिश्ते में पहले जैसी सहजता नहीं रह गई है।
इसी बीच रोशनी की जिंदगी में प्रद्युम्न (अर्जुन रामपाल) की एंट्री होती है और वह उसकी ओर आकर्षित होने लगती है। यहां से कहानी एक दिलचस्प मोड़ लेती है।

एक तरफ करण अपनी पत्नी से प्यार करता है और उसे खोना नहीं चाहता, वहीं दूसरी ओर रोशनी अपनी भावनाओं और इच्छाओं को समझने की कोशिश करती है। प्रद्युम्न का आना उसके लिए एक नए नजरिए और नई भावनाओं का रास्ता खोलता है।
अदिति और अर्जुन ने खोले अपने किरदारों के राज
अदिति राव हैदरी के मुताबिक, रोशनी सिर्फ एक पत्नी या परिवार की सदस्य नहीं, बल्कि अपनी अलग पहचान और इच्छाओं वाली महिला है। उनका किरदार अपनी जिम्मेदारियों के बीच खुद को तलाशने की कोशिश करता है। वहीं अर्जुन रामपाल का कहना है कि प्रद्युम्न रोशनी की जिंदगी में एक अलग ऊर्जा लेकर आता है। वह उसे उन पहचानों से अलग होकर देखने की कोशिश करता है, जिनमें वह अब तक बंधी रही है।

इम्तियाज अली की खास कहानी
इम्तियाज अली की लिखी और प्रस्तुत की गई इस सीरीज का निर्देशन आरिफ अली ने किया है। विंडो सीट फिल्म्स के बैनर तले बनी 'ओ साथी रे' को इम्तियाज अली, मोहित चौधरी और शिबाशीष सरकार ने प्रोड्यूस किया है।

सीरीज का सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या सच्चा प्यार किसी को अपने पास रखने में है या उसे अपनी जिंदगी के फैसले लेने की आजादी देने में? रिश्तों की इसी भावनात्मक उलझन को समझने के लिए दर्शकों को 4 दिसंबर तक इंतजार करना होगा।
ये भी पढ़ें: केंडल जेनर की ओम सिंबल वाली बिकिनी ड्रेस से मचा बवाल, यूजर्स ने लगाई क्लास