मुजफ्फरपुर: बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में धार्मिक और आध्यात्मिक गतिविधियों को बढ़ावा देने की दिशा में एक नई पहल की गई है। सरैया प्रखंड के रेवा वसंतपुर दक्षिणी पंचायत में करीब सवा करोड़ रुपये की लागत से भव्य अक्षय धाम मंदिर का निर्माण कराया जाएगा। मंदिर निर्माण को लेकर छठियारी पोखर के पास वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधि-विधान से भूमि पूजन किया गया।

यह मंदिर पंचायत सरकार भवन के समीप बनाया जाएगा। मंदिर में राधा-कृष्ण, भगवान शंकर और हनुमान जी की प्रतिमाएं स्थापित की जाएंगी। मंदिर निर्माण की जिम्मेदारी भूमि दाता एवं निर्माणकर्ता डॉ. विनोद कुमार द्विवेदी ने संभाली है।

वैदिक मंत्रोच्चार के साथ रखी गई नींव

अक्षय धाम मंदिर के निर्माण की शुरुआत के अवसर पर भूमि पूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान आचार्य हरिनारायण पंडित ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूरे विधि-विधान से पूजा-अर्चना कराई। धार्मिक अनुष्ठान के बाद मंदिर निर्माण के लिए नींव रखी गई।

कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ बड़ी संख्या में ग्रामीण भी शामिल हुए। भूमि पूजन के दौरान लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला।

यह भी पढ़ें: शाजापुर में कार्तिक पूर्णिमा पर मेगा ट्रेड फेयर का शुभारंभ, विधायक अरुण भीमावद ने किया उद्घाटन

मंदिर निर्माण से ग्रामीणों में उत्साह

रेवा वसंतपुर दक्षिणी पंचायत में भव्य मंदिर बनने की खबर से स्थानीय लोगों में खुशी का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि अक्षय धाम मंदिर का निर्माण क्षेत्र के लिए धार्मिक और आध्यात्मिक दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण साबित होगा। मंदिर बनने के बाद यहां पूजा-अर्चना और धार्मिक आयोजनों के लिए बेहतर व्यवस्था उपलब्ध होगी।

कार्यक्रम में पंचायत के मुखिया विनोद सहनी समेत कई ग्रामीण मौजूद रहे। भूमि पूजन के दौरान आचार्य हरिनारायण पंडित, मुखिया विनोद सहनी और भूमि दाता डॉ. विनोद कुमार द्विवेदी ने मंदिर निर्माण से जुड़ी जानकारी साझा की।

यह भी पढ़ें: मंगलौर में कल सियासी हलचल तेज करेंगे CM धामी, करतार सिंह भड़ाना के गृह प्रवेश में होंगे शामिल; नारसन में करेंगे जनसभा