Aryan Khan in Time100 Next India: बॉलीवुड के किंग खान यानी शाहरुख खान के बेटे आर्यन खान एक बार फिर चर्चा में हैं। इस बार वजह उनकी कोई फिल्म या वेब सीरीज नहीं, बल्कि एक बड़ी अंतरराष्ट्रीय पहचान है। आर्यन खान को फिल्ममेकर पायल कपाड़िया और थेजा रियो के साथ TIME100 Next India के पहले कवर पर जगह मिली है।

मैगजीन ने इन तीनों फिल्ममेकर्स को भारतीय सिनेमा की नई पीढ़ी की प्रभावशाली और उभरती आवाजों के रूप में पेश किया है। यह सम्मान बताता है कि भारतीय मनोरंजन जगत में अब नई सोच और नए अंदाज में कहानियां कहने वाले फिल्ममेकर्स को भी खास पहचान मिल रही है।

'द बैड्स ऑफ बॉलीवुड' से आर्यन ने बनाई पहचान

आर्यन खान ने अपने डायरेक्टोरियल डेब्यू से इंडस्ट्री में अपनी अलग पहचान बनाने की कोशिश की है। उनकी नेटफ्लिक्स सीरीज 'द बैड्स ऑफ बॉलीवुड' सितंबर 2025 में रिलीज हुई थी। सात एपिसोड की इस सीरीज में हिंदी फिल्म इंडस्ट्री की चमक-दमक के पीछे छिपी प्रतिस्पर्धा, पावर स्ट्रक्चर, स्टारडम और इनसाइडर-आउटसाइडर की बहस को व्यंग्यात्मक अंदाज में दिखाया गया है।

इस सीरीज को आर्यन खान ने लिखा और डायरेक्ट किया है, जबकि इसका निर्माण शाहरुख खान के प्रोडक्शन हाउस रेड चिलीज एंटरटेनमेंट ने किया है। कहानी आसमान सिंह के इर्द-गिर्द घूमती है, जो बॉलीवुड में अपनी जगह बनाने का सपना देखता है।

पायल कपाड़िया और थेजा रियो को भी मिली जगह

TIME100 Next India के इस खास कवर पर पायल कपाड़िया और थेजा रियो भी शामिल हैं। पायल कपाड़िया की फिल्म 'ऑल वी इमेजिन ऐज़ लाइट' को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खूब सराहना मिली। उन्होंने 2024 में कान्स फिल्म फेस्टिवल में ग्रैंड प्रिक्स अवॉर्ड जीतकर इतिहास रचा था। वहीं, थेजा रियो को अपनी पहली फीचर फिल्म 'अंघ' के लिए पहचान मिली, जिसे टोरंटो इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में सराहना हासिल हुई।

100 उभरती हस्तियों को किया गया शामिल

TIME100 Next India की पहली सूची में मनोरंजन, बिजनेस, विज्ञान और सामाजिक बदलाव समेत अलग-अलग क्षेत्रों की 100 प्रभावशाली हस्तियों को जगह दी गई है। इनमें आलिया भट्ट, पवन कुमार चंदना, अदार पूनावाला और तरुण चेरुकुरी जैसे नाम शामिल हैं। रिलायंस के साथ साझेदारी में शुरू की गई TIME की यह पहल उन नई प्रतिभाओं को सम्मानित करती है, जो अपने विचारों और काम से देश का भविष्य गढ़ने में अहम भूमिका निभा सकते हैं।

ये भी पढ़ें: कैप्टेंसी टास्क में लव गिल ने मचाया बवाल! बिग बॉस लगाई फटकार