Honey Singh Summoned Again by Maharashtra Cyber: रैपर और सिंगर यो यो हनी सिंह की मुश्किलें एक बार फिर बढ़ती नजर आ रही हैं। महाराष्ट्र साइबर ने उन्हें एक कॉन्सर्ट के दौरान कथित तौर पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने के मामले में पूछताछ के लिए नया समन जारी किया है। उन्हें 16 अक्टूबर को जांच अधिकारी के सामने पेश होने का निर्देश दिया गया है।
यह मामला दिल्ली में हुए उनके एक लाइव परफॉर्मेंस के वीडियो से जुड़ा है, जो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। वीडियो में कथित अश्लील टिप्पणी को लेकर शिकायत दर्ज कराई गई थी, जिसके बाद महाराष्ट्र साइबर ने जांच शुरू की।
पहले भी भेजे जा चुके हैं समन
अधिकारियों के मुताबिक, हनी सिंह को इससे पहले भी तीन बार समन भेजे गए थे, लेकिन वह पूछताछ के लिए पेश नहीं हुए। उन्होंने एजेंसी को बताया था कि वह विदेश में हैं और पूछताछ के लिए अतिरिक्त समय मांगा था। उन्हें 5 अक्टूबर को मुंबई के वर्ल्ड ट्रेड सेंटर स्थित महाराष्ट्र साइबर कार्यालय में उपस्थित होने के लिए कहा गया था। हालांकि, वह निर्धारित तारीख पर नहीं पहुंचे। महाराष्ट्र साइबर के एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, अब उन्हें 16 अक्टूबर के लिए दोबारा समन भेजा गया है। इससे पहले 5 अक्टूबर के समन को एजेंसी ने आखिरी रिमाइंडर बताया था।
पेश नहीं हुए तो जारी हो सकता है LOC
जांच एजेंसी ने संकेत दिया है कि अगर हनी सिंह इस बार भी पूछताछ के लिए उपस्थित नहीं होते हैं, तो उनके खिलाफ लुक-आउट सर्कुलर (LOC) जारी करने की प्रक्रिया शुरू की जा सकती है। इसके जरिए उनकी विदेश यात्रा पर रोक लगाने की कार्रवाई संभव हो सकती है। अधिकारियों ने यह भी कहा था कि जरूरत पड़ने पर गिरफ्तारी वारंट के लिए अदालत का रुख किया जा सकता है। फिलहाल मामले की जांच जारी है।
पहले भी विवादों में आ चुका है नाम
हनी सिंह इससे पहले भी अपने गानों को लेकर विवादों में रह चुके हैं। मई में दिल्ली हाई कोर्ट ने एक याचिका के मामले में उनसे हलफनामा दाखिल करने को कहा था। याचिका में आरोप लगाया गया था कि उन्होंने 2025 में इंदिरा गांधी स्टेडियम में परफॉर्मेंस के दौरान आपत्तिजनक गाना गाया था।
इससे पहले 2 अप्रैल को दिल्ली हाई कोर्ट ने केंद्र सरकार को गाने 'वॉल्यूम 1' के URL सोशल मीडिया और शेयरिंग प्लेटफॉर्म से हटाने के संबंध में निर्देश दिए थे। अब महाराष्ट्र साइबर की जांच के बीच सभी की निगाहें 16 अक्टूबर को हनी सिंह की पेशी पर टिकी हैं।
ये भी पढ़ें: अर्जुन बिजलानी की पत्नी की T-Shirt पर 'अल्लाह' देख भड़कीं पाक एक्ट्रेस, बोलीं- तुम्हें शर्म नहीं आती!