Controversy on Neha Bijlani Urdu text T-shirt: टीवी एक्टर अर्जुन बिजलानी की पत्नी नेहा स्वामी बिजलानी इन दिनों अपनी एक टी-शर्ट को लेकर विवादों में घिर गई हैं। हाल ही में नेहा को पति अर्जुन और बेटे अयान के साथ एक इवेंट में देखा गया था।

इस दौरान उन्होंने कार्टून कैरेक्टर वाली टी-शर्ट पहनी हुई थी, जिस पर उर्दू में 'अल्लाह' लिखा नजर आया। इसी बात को लेकर सोशल मीडिया पर विवाद शुरू हो गया। कुछ लोगों ने इसे धार्मिक भावनाओं से जोड़ते हुए नेहा की आलोचना की।
पाकिस्तानी एक्ट्रेस मिशी खान ने जताई नाराजगी
नेहा की टी-शर्ट पर पाकिस्तानी एक्ट्रेस मिशी खान ने भी कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने सोशल मीडिया पर वीडियो साझा कर अपनी नाराजगी जाहिर की। मिशी खान ने सवाल उठाया कि धार्मिक महत्व वाले शब्दों को इस तरह की टी-शर्ट पर इस्तेमाल करना उचित नहीं है। उन्होंने अर्जुन और नेहा की आलोचना करते हुए कहा कि सभी को दूसरे धर्मों और उनकी मान्यताओं का सम्मान करना चाहिए।
View this post on Instagram
मिशी खान ने यह भी कहा कि नेहा को इस मामले में माफी मांगनी चाहिए। उनके बयान के बाद यह विवाद और ज्यादा चर्चा में आ गया। सोशल मीडिया पर भी इस मुद्दे को लेकर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं।

अर्जुन बिजलानी ने बयान जारी कर मांगी माफी
विवाद बढ़ने के बाद अर्जुन बिजलानी ने अपनी पत्नी के समर्थन में बयान जारी किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि नेहा को टी-शर्ट पर लिखे शब्दों का अर्थ और उनका धार्मिक महत्व पता नहीं था। अर्जुन के मुताबिक, यह टी-शर्ट नेहा को बैंकॉक के एक मॉल में एक फैन ने गिफ्ट की थी। इसे पहनते समय उन्हें इस पर लिखे शब्दों की जानकारी नहीं थी।

अर्जुन ने कहा कि उनका या उनके परिवार का किसी भी व्यक्ति अथवा समुदाय की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने का कोई इरादा नहीं था। उन्होंने सभी धर्मों और मान्यताओं के प्रति सम्मान जताते हुए अनजाने में हुई गलती के लिए माफी मांगी।
ट्रोलिंग और धमकियों पर भी जताई चिंता
अर्जुन ने नेहा के खिलाफ किए जा रहे अभद्र कमेंट्स, ट्रोलिंग और धमकियों की भी निंदा की। उन्होंने कहा कि भविष्य में वे किसी भी गिफ्ट को इस्तेमाल करने से पहले ज्यादा सावधानी बरतेंगे। फिलहाल यह विवाद मनोरंजन जगत और सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।
ये भी पढ़ें: Bigg Boss 20 में Nakul Dhull-Gullu की लड़ाई ने पकड़ा तूल, Maahi Vij ने दिया रिएक्शन!