UPESSC Teacher Recruitment 2026: उत्तर प्रदेश में सरकारी शिक्षक बनने का सपना देख रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर है। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग (UPESSC) ने शिक्षक भर्ती का रास्ता साफ करते हुए 15,012 पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी है। भर्ती में सहायक अध्यापक और प्रवक्ता (PGT) के पद शामिल हैं। वही इच्छुक और योग्य अभ्यर्थी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट के जरिए आवेदन कर सकते हैं।
15,012 पदों पर होगी भर्ती
UPESSC की इस भर्ती में कुल 15,012 शिक्षक पद शामिल हैं। इनमें 12,405 पद सहायक अध्यापक के हैं, जबकि 2,607 पद प्रवक्ता यानी PGT के लिए हैं। इस भर्ती के जरिए प्रदेश के अलग-अलग सरकारी शिक्षण संस्थानों में शिक्षकों की नियुक्ति की जाएगी। सहायक अध्यापक के 12,405 पदों में माध्यमिक शिक्षा विभाग से जुड़े प्राइमरी स्तर के 897 पद और बेसिक शिक्षा विभाग के अंतर्गत 11,508 सहायक अध्यापक (शहरी) के पद शामिल हैं।
आज से शुरू हुआ आवेदन
सहायक अध्यापक के पदों के लिए 16 सितंबर 2026 से आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है। अभ्यर्थियों को आवेदन से पहले One Time Registration यानी OTR प्रक्रिया पूरी करनी होगी। इसके बाद ही भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन किया जा सकेगा। आवेदन शुल्क जमा करने की अंतिम तारीख 15 अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई है। वहीं आवेदन में किसी तरह की गलती होने पर अभ्यर्थियों को 19 अक्टूबर 2026 तक संशोधन का मौका मिलेगा।
दिसंबर में होगी सहायक अध्यापक परीक्षा
सहायक अध्यापक पदों के लिए लिखित परीक्षा 3 और 4 दिसंबर 2026 को प्रस्तावित है। यानी अभ्यर्थियों के पास परीक्षा की तैयारी के लिए अभी पर्याप्त समय है। परीक्षा से संबंधित विस्तृत दिशा-निर्देश आयोग की ओर से जारी विज्ञापन में दिए गए हैं।
PGT के 2,607 पद भी शामिल
इस भर्ती अभियान में PGT यानी प्रवक्ता के 2,607 पद भी शामिल हैं। PGT पदों के लिए आवेदन प्रक्रिया 18 सितंबर 2026 से शुरू होगी। PGT भर्ती के लिए आवेदन शुल्क जमा करने की अंतिम तारीख 17 अक्टूबर 2026 है, जबकि आवेदन में संशोधन के लिए 21 अक्टूबर 2026 तक समय दिया गया है। PGT की लिखित परीक्षा 15 और 16 दिसंबर 2026 को प्रस्तावित है।
आवेदन से पहले जरूर देखें पात्रता
अभ्यर्थियों को आवेदन करने से पहले संबंधित पद की शैक्षणिक योग्यता, आयु सीमा, आरक्षण, विषयवार पदों और अन्य पात्रता शर्तों को ध्यान से पढ़ना चाहिए। अलग-अलग पदों के लिए योग्यता अलग हो सकती है। आयोग ने अभ्यर्थियों के लिए OTR व्यवस्था लागू की है। इसलिए जिन उम्मीदवारों ने अभी तक OTR पूरा नहीं किया है, उन्हें आवेदन प्रक्रिया शुरू करने से पहले इसे पूरा करना होगा।
एक नजर में पूरी भर्ती
* कुल पद: 15,012
* सहायक अध्यापक: 12,405
* PGT/प्रवक्ता: 2,607
* सहायक अध्यापक आवेदन: 16 सितंबर 2026 से
* आवेदन शुल्क की अंतिम तारीख: 15 अक्टूबर 2026
* सहायक अध्यापक परीक्षा: 3 और 4 दिसंबर 2026
* PGT आवेदन: 18 सितंबर 2026 से
* PGT परीक्षा: 15 और 16 दिसंबर 2026
* आवेदन से पहले: OTR जरूरी
अभ्यर्थी कहां करें आवेदन?
आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि आवेदन करने से पूर्व आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध विस्तृत विज्ञापन एवं निर्देश पुस्तिका का सावधानीपूर्वक अध्ययन कर अपनी पात्रता सुनिश्चित करें। साथ ही आयोग द्वारा विज्ञापित पदों की अर्हता एवं पात्रता के संबंध में अलग से कोई परामर्श नहीं दिया जाएगा। आयोग ने अभ्यर्थियों को विस्तृत विज्ञापन, आवेदन प्रक्रिया, पात्रता एवं अन्य आवश्यक निर्देशों के लिए आयोग की आधिकारिक वेबसाइट upessc.up.gov.in का अवलोकन करने की सलाह दी है।
यह भी पढ़ें: दिल्ली से अब घंटों का सफर मिनटों में होगा तय! 67 मिनट में बावल, 90 में करनाल, यहां पड़ेंगे कई बड़े स्टेशन