टोयोटा किर्लोस्कर मोटर अपनी पॉपुलर प्रीमियम हैचबैक ग्लैंजा को नए अवतार में पेश करने की तैयारी में है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, कंपनी अपडेटेड ग्लैंजा को भारतीय बाजार में 14 अक्टूबर 2026 को लॉन्च कर सकती है। हालांकि टोयोटा ने अभी तक कार के नाम या लॉन्च को लेकर आधिकारिक पुष्टि नहीं की है, लेकिन इस तारीख के लिए मीडिया इनविटेशन भेजे जाने की जानकारी सामने आई है।

बलेनो के आधार पर की जाएगी तैयार

नई ग्लैंजा को मारुति सुजुकी की अपडेटेड बलेनो के आधार पर तैयार किया जाएगा। ऐसे में डिजाइन, फीचर्स और मैकेनिकल सेटअप में बलेनो से कई समानताएं देखने को मिल सकती हैं। हालांकि टोयोटा अपने मॉडल को अलग पहचान देने के लिए कुछ खास बदलाव जरूर करेगी।

एक्सटीरियर में मिलेंगे छोटे लेकिन अहम बदलाव

नई ग्लैंजा फेसलिफ्ट के डिजाइन में बड़े स्तर पर बदलाव की उम्मीद नहीं है। कंपनी मौजूदा डिजाइन को बरकरार रखते हुए इसके लुक को थोड़ा और फ्रेश बनाने के लिए कॉस्मेटिक अपडेट कर सकती है। कार के फ्रंट हिस्से में नई डिजाइन वाली ग्रिल देखने को मिल सकती है, जिससे इसे बलेनो से अलग टोयोटा की पहचान मिलेगी। इसके अलावा नए अलॉय व्हील डिजाइन और कुछ नए एक्सटीरियर कलर ऑप्शन भी शामिल किए जाने की संभावना है। बंपर और लाइट्स के आसपास भी मामूली बदलाव किए जा सकते हैं।

फीचर्स के मामले में होगी ज्यादा प्रीमियम

ग्लैंजा फेसलिफ्ट के केबिन में पहले के मुकाबले ज्यादा आधुनिक और प्रीमियम फीचर्स मिलने की उम्मीद है। इस बार सुरक्षा को भी खास तवज्जो दी जा सकती है।  सबसे अहम अपडेट के तौर पर कार में लेवल-2 ADAS (Advanced Driver Assistance System) दिए जाने की संभावना है। इसके अलावा सभी वेरिएंट्स में छह एयरबैग और टायर प्रेशर मॉनिटरिंग सिस्टम को स्टैंडर्ड फीचर बनाया जा सकता है। कंफर्ट और सुविधा के लिहाज से भी कई नए फीचर्स जुड़ सकते हैं। इनमें पहली बार वेंटिलेटेड फ्रंट सीटें, कूलिंग पैड के साथ वायरलेस फोन चार्जिंग, बेहतर साउंड सिस्टम और नए प्रीमियम सीट कवर शामिल होने की उम्मीद है।

नया 1.2-लीटर 3-सिलेंडर इंजन देगा पावर

नई ग्लैंजा में सबसे बड़ा मैकेनिकल बदलाव इंजन को लेकर किया जा सकता है। मौजूदा मॉडल में मिलने वाले 1.2-लीटर चार-सिलेंडर पेट्रोल इंजन की जगह अब मारुति सुजुकी का नया 1.2-लीटर, 3-सिलेंडर Z-Series पेट्रोल इंजन दिया जा सकता है। इस नए पावरट्रेन का सबसे बड़ा फायदा बेहतर फ्यूल एफिशिएंसी के रूप में देखने को मिल सकता है। ट्रांसमिशन विकल्पों में हालांकि बड़े बदलाव की उम्मीद नहीं है। कार में 5-स्पीड मैनुअल के साथ 5-स्पीड AMT गियरबॉक्स का विकल्प जारी रह सकता है।

कीमत में हो सकती है बढ़ोतरी

फीचर्स और इंजन में होने वाले बदलावों को देखते हुए नई ग्लैंजा फेसलिफ्ट की कीमत मौजूदा मॉडल से कुछ ज्यादा होने की संभावना है। फिलहाल ग्लैंजा की शुरुआती कीमत करीब 6.73 लाख रुपये है, जबकि इसके टॉप वेरिएंट की कीमत करीब 9.99 लाख रुपये तक जाती है।

Venue और Creta के बीच आएगी ये नई SUV, CNG इंजन समेत मिलेंगे ये धांसू फीचर्स

फेसलिफ्ट मॉडल की कीमतों को लेकर कोई आधिकारी जानकारी नहीं

फेसलिफ्ट मॉडल की कीमतों को लेकर अभी कंपनी की ओर से कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है। हालांकि माना जा रहा है कि नई ग्लैंजा की कीमत हाल में अपडेट हुई मारुति बलेनो की कीमतों के अनुरूप तय की जा सकती है।