जब भी देश में दमदार और ऑफ-रोडिंग एसयूवी की चर्चा होती है, महिंद्रा थार का नाम सबसे पहले लिया जाता है। अपने रगेड डिजाइन और सड़क पर अलग मौजूदगी के कारण थार की जबरदस्त फैन फॉलोइंग है। अब इसी लोकप्रिय एसयूवी का इलेक्ट्रिक अवतार भी चर्चा में आ गया है। महिंद्रा थार इलेक्ट्रिक को पहली बार भारतीय सड़कों पर टेस्टिंग के दौरान कैमरे में कैद किया गया है।

सामने आई स्पाई तस्वीरों में अपकमिंग इलेक्ट्रिक एसयूवी का बॉक्सी स्टांस, दमदार डिजाइन और 5-डोर कॉन्फिगरेशन नजर आ रहा है। कंपनी इस इलेक्ट्रिक ऑफ-रोडर को प्रोडक्शन के लिए तैयार करने में जुटी है। टेस्टिंग मॉडल से इसके डिजाइन और फीचर्स को लेकर कई अहम संकेत मिले हैं। आइए जानते हैं थार इलेक्ट्रिक से जुड़ी 4 बड़ी बातें।

दमदार और एग्रेसिव फ्रंट डिजाइन

टेस्टिंग के दौरान नजर आई थार इलेक्ट्रिक का फ्रंट काफी चौड़ा और मस्कुलर दिखाई देता है। इसमें चौड़ी ग्रिल के साथ ड्यूल-लेयर पैटर्न दिया गया है। ग्रिल के दोनों ओर स्क्वायर शेप हेडलैंप यूनिट्स दिखाई देती हैं, जिनमें LED लाइटिंग मिलने की उम्मीद है।

इसके अलावा फ्लैट क्लैमशेल बोनट, सीधी विंडस्क्रीन, बड़े ORVMs और मजबूत फ्रंट बंपर एसयूवी के रगेड कैरेक्टर को बरकरार रखते हैं। कुल मिलाकर इसका डिजाइन मौजूदा थार की पहचान को इलेक्ट्रिक फॉर्म में आगे बढ़ाता नजर आता है।

बड़े अलॉय व्हील्स के साथ 5-डोर लेआउट

साइड प्रोफाइल से साफ संकेत मिलता है कि थार इलेक्ट्रिक को 5-डोर बॉडी के साथ तैयार किया जा रहा है। इसमें फ्लैट रूफलाइन और सीधे पिलर्स दिए गए हैं, जबकि दरवाजों के नीचे मजबूत साइड स्टेप्स भी नजर आते हैं।

टेस्टिंग मॉडल की सबसे खास चीजों में इसके बड़े व्हील्स शामिल हैं। तस्वीरों में करीब 19 या 20 इंच के अलॉय व्हील्स दिखाई दे रहे हैं। हालांकि, कॉन्सेप्ट मॉडल में दिखाए गए ज्यादा आक्रामक ऑफ-रोड टायर्स की जगह टेस्ट कार में सामान्य और रोड-फोकस्ड टायर्स इस्तेमाल किए गए हैं।

रियर में दिखे कई अहम बदलाव

एसयूवी के पिछले हिस्से में बड़ा रियर ग्लास और ऊपर की तरफ दिया गया हाई-माउंटेड स्टॉप लैंप दिखाई देता है। खास बात यह है कि टेस्टिंग मॉडल के टेलगेट पर एक्सटर्नल स्पेयर व्हील नजर नहीं आया है। हालांकि, प्रोडक्शन वर्जन में कंपनी इसे शामिल कर सकती है।

थार इलेक्ट्रिक में सबसे महत्वपूर्ण बदलाव इसके अंडरबॉडी सेटअप में देखने को मिल सकता है। स्पाई शॉट्स में रियर इंडिपेंडेंट सस्पेंशन दिखाई देता है। पारंपरिक रियर एक्सल की तुलना में यह सेटअप बेहतर राइड क्वालिटी और हाईवे पर ज्यादा आरामदायक ड्राइविंग देने में मदद कर सकता है।

मॉडर्न केबिन और डुअल-मोटर सेटअप

इंटीरियर से जुड़ी सामने आई तस्वीरों से संकेत मिलता है कि इलेक्ट्रिक थार को मौजूदा मॉडल की तुलना में ज्यादा आधुनिक केबिन मिल सकता है। इसमें डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर के साथ A-पिलर्स के पास ग्रैब हैंडल्स दिए गए हैं।

इसके अलावा महिंद्रा के नए डिजाइन लैंग्वेज के अनुरूप इसमें बड़ा पोर्ट्रेट-ओरिएंटेड टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम मिलने की संभावना है। ऑफ-रोडिंग के लिहाज से भी यह एसयूवी काफी खास हो सकती है। माना जा रहा है कि कंपनी इसमें ऑल-व्हील ड्राइव सिस्टम के साथ दोनों एक्सल पर इलेक्ट्रिक मोटर दे सकती है। अगर ऐसा होता है तो थार इलेक्ट्रिक को दमदार परफॉर्मेंस के साथ बेहतर ऑफ-रोडिंग क्षमता भी मिल सकती है।

 

ये भी पढ़ें- Aston Martin की पहली इलेक्ट्रिक कार में फिर देरी...... अब 2033-35 के बीच होगी लॉन्च