नई दिल्ली: स्ट्रेट ऑफ हॉर्मुज में एक कुवैत-फ्लैग वाले क्रूड ऑयल टैंकर को प्रोजेक्टाइल से निशाना बनाए जाने के बाद उसमें सवार पांच भारतीय नागरिकों को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया गया है। भारतीय दूतावास ने बताया कि सभी पांच भारतीयों को सुरक्षित रूप से तट पर पहुंचा दिया गया है।

भारतीय दूतावास, मस्कट ने बताया कि MT Kazimah III नाम के टैंकर पर पांच भारतीय नागरिक सवार थे। पोत को स्ट्रेट ऑफ हॉर्मुज से गुजरने के दौरान एक प्रोजेक्टाइल ने निशाना बनाया। घटना के बाद भारतीय मिशन ने ओमानी अधिकारियों के साथ समन्वय कर रेस्क्यू ऑपरेशन कराया। दूतावास ने ओमानी अधिकारियों को बचाव अभियान में सहयोग और सहायता के लिए धन्यवाद दिया है। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, पांचों भारतीयों को सुरक्षित तट पर पहुंचा दिया गया है।

टैंकर में क्रूड ऑयल था

MT Kazimah III कुवैत के झंडे के नीचे संचालित होने वाला एक क्रूड ऑयल टैंकर है। रिपोर्ट के मुताबिक, घटना के समय यह टैंकर टोगो के लोमे बंदरगाह की ओर जा रहा था। ब्रिटेन की समुद्री सुरक्षा संस्था UKMTO के अनुसार, टैंकर को एक अज्ञात प्रोजेक्टाइल से नुकसान पहुंचने की सूचना मिली थी। शुरुआती जानकारी में चालक दल के सुरक्षित होने की बात कही गई थी।

खाड़ी क्षेत्र में भारतीय नाविकों की सुरक्षा पर नजर

यह घटना ऐसे समय हुई है जब फारस की खाड़ी और आसपास के समुद्री मार्गों में सुरक्षा को लेकर चिंताएं बनी हुई हैं। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने हाल ही में बताया था कि क्षेत्र में विभिन्न कमर्शियल जहाजों पर 4,500 से ज्यादा भारतीय नाविक मौजूद हैं।

जायसवाल के मुताबिक, इनमें 12 सक्रिय कार्गो जहाजों पर करीब 163 भारतीय नाविक हैं। इनमें छह भारत के झंडे वाले जहाज और छह विदेशी झंडे वाले जहाज शामिल हैं, जो भारत के लिए माल लेकर जा रहे हैं। भारत का जहाजरानी मंत्रालय भारतीय मिशनों और स्थानीय अधिकारियों के साथ मिलकर इन नाविकों की सुरक्षा और जहाजों की आवाजाही पर नजर रख रहा है।

हॉर्मुज क्यों है अहम?

स्ट्रेट ऑफ हॉर्मुज फारस की खाड़ी को ओमान की खाड़ी और आगे अरब सागर से जोड़ने वाला महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग है। दुनिया के प्रमुख तेल और गैस परिवहन मार्गों में शामिल होने के कारण यहां किसी भी सुरक्षा घटना का असर अंतरराष्ट्रीय शिपिंग और ऊर्जा आपूर्ति पर पड़ सकता है।