इस्लामाबाद : पाकिस्तान के इस्लामाबाद में पुलिस ने 27 सितंबर को प्रस्तावित पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (PTI) के प्रदर्शन से पहले पार्टी के चार कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया है। PTI की मुख्य मांग पार्टी संस्थापक इमरान खान की तत्काल रिहाई है, जो अगस्त 2023 से जेल में बंद हैं। अधिकारियों ने राजधानी में सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था बढ़ा दी है।
चार कार्यकर्ता अलग-अलग मामलों में गिरफ्तार
पुलिस अधिकारी ने Dawn को बताया कि चारों कार्यकर्ताओं को एक सब-इंस्पेक्टर की शिकायत के बाद अलग-अलग मामलों में गिरफ्तार किया गया। इन पर पाकिस्तान दंड संहिता की कई धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है, जिनमें हत्या के प्रयास, धमकी, हथियारों के साथ दंगा, गैरकानूनी जमावड़े, सरकारी कर्मचारी पर हमला और सरकारी काम में बाधा डालने जैसी धाराएं शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, उन्हें सूचना मिली थी कि PTI कार्यकर्ता इस्लामाबाद के E-16 इलाके में एक प्रॉपर्टी डीलर के कार्यालय में 27 सितंबर के प्रदर्शन को लेकर बैठक कर रहे थे। इसके बाद पुलिस टीम ने वहां छापेमारी की और चारों को गिरफ्तार किया।
छापेमारी के दौरान PTI कार्यकर्ताओं ने विरोध किया
पुलिस ने आरोप लगाया कि छापेमारी के दौरान PTI कार्यकर्ताओं ने विरोध किया, पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट की, उनकी वर्दी फाड़ी और उन्हें बंधक बनाने की कोशिश की।
वहीं, इस्लामाबाद पुलिस और प्रशासन ने PTI के प्रस्तावित देशव्यापी प्रदर्शन को देखते हुए सुरक्षा तैयारियां शुरू कर दी हैं। सेंट्रल पुलिस ऑफिस में अधिकारियों की बैठक हुई, जिसमें प्रदर्शन से जुड़ी सुरक्षा व्यवस्था और संभावित व्यवधान रोकने की रणनीति पर चर्चा की गई।
पुलिस ने प्रदर्शन की तैयारियों, पार्टी नेताओं, कार्यकर्ताओं और समर्थकों की गतिविधियों पर नजर बढ़ा दी है। गेस्ट हाउस, बस टर्मिनल और प्रदर्शनकारियों के लिए भोजन, पानी, ठहरने और परिवहन की व्यवस्था करने वाले संभावित ठेकेदारों की भी निगरानी की जा रही है।
स्पेशल ब्रांच और काउंटर टेररिज्म डिपार्टमेंट अलर्ट पर
खुफिया एजेंसियां जैसे स्पेशल ब्रांच और काउंटर टेररिज्म डिपार्टमेंट भी अलर्ट पर हैं। अधिकारियों ने PTI नेताओं और कार्यकर्ताओं के ठिकानों पर निगरानी बढ़ा दी है।
यह कार्रवाई ऐसे समय हुई है जब इस्लामाबाद प्रशासन 27 सितंबर के प्रदर्शन को लेकर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत कर रहा है और पुलिस व खुफिया इकाइयां लगातार गतिविधियों पर नजर बनाए हुए हैं।
यह भी पढ़ें: ‘18 हूवर डैम’ बोलते ही ट्रंप की नकल करने लगे कनाडाई PM, हाथों का इशारा देख ठहाकों से गूंज उठा हॉल