नई दिल्ली: कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर तंज कसते हुए उनके चर्चित ‘Accordion Hands’ इशारे की नकल की। ओटावा में एक संबोधन के दौरान कार्नी कनाडा के बड़े क्लीन-एनर्जी निवेश की चर्चा कर रहे थे। इसी दौरान उन्होंने ‘18 Hoover Dams’ कहते हुए दोनों हाथों को ट्रंप के अंदाज में आगे-पीछे किया। उनके इस अंदाज पर वहां मौजूद लोगों ने जमकर ठहाके लगाए और तालियां बजाईं।
कार्नी ने जिस प्रोजेक्ट का जिक्र किया, उसमें न्यूफाउंडलैंड एंड लैब्राडोर, क्यूबेक, कनाडा की संघीय सरकार और इनू नेशन ने 14 GW हाइड्रो, विंड और स्टोरेज क्षमता वाले क्लीन-एनर्जी निवेश की घोषणा की है। कनाडाई प्रधानमंत्री ने इसे 18 हूवर डैम के बराबर बताया है।
ट्रंप के अंदाज की दो बार नकल
भाषण में कार्नी ने ‘18 Hoover Dams’ दोहराते हुए हाथों को कई बार फैलाकर और सिकोड़कर ट्रंप के अंदाज की नकल की। दर्शकों की हंसी और तालियों के बीच उन्होंने मुस्कुराते हुए ‘enough’ कहा, लेकिन इसके बाद एक बार फिर वही इशारा किया। यह पहली बार नहीं है जब कार्नी ने सार्वजनिक मंच पर ट्रंप की नकल की है।
अमेरिका-कनाडा के बीच बढ़ा व्यापार तनाव
कार्नी का यह तंज ऐसे समय में आया है जब अमेरिका और कनाडा के बीच व्यापारिक तनाव जारी है। अगस्त में दोनों देशों के बीच व्यापार वार्ता टूटने के बाद अमेरिका ने कनाडा के कुछ उत्पादों पर 50 प्रतिशत तक टैरिफ लगाए। कनाडा ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए 8 सितंबर से अमेरिकी उत्पादों पर 15, 25 और 50 प्रतिशत तक के काउंटर-टैरिफ लागू किए।
कनाडा सरकार के मुताबिक ये शुल्क करीब 27.6 अरब डॉलर के अमेरिकी आयात पर लागू होते हैं। अमेरिकी सरकार ने भी 8 सितंबर को कनाडा के जवाबी टैरिफ के बाद कुछ कनाडाई उत्पादों पर अतिरिक्त कदम उठाने की घोषणा की।
यूरोप से रिश्ते बढ़ा रहा कनाडा
अमेरिका के साथ व्यापार तनाव के बीच कनाडा यूरोपीय संघ के साथ अपने आर्थिक और रणनीतिक रिश्ते मजबूत करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। कार्नी ने यूरोपीय संसद में कनाडा और यूरोप के बीच सहयोग बढ़ाने की बात कही है। दोनों पक्ष ऊर्जा, महत्वपूर्ण खनिज, रक्षा, AI और अन्य रणनीतिक क्षेत्रों में सहयोग पर चर्चा कर रहे हैं।
ट्रंप ने कनाडा के संभावित EU ‘associate member’ बनने के विचार पर आपत्ति जताई है और इसे लेकर अतिरिक्त टैरिफ की चेतावनी भी दी है।