Bigg Boss 20: रियलिटी शो 'बिग बॉस 20' में इन दिनों गेमिंग क्रिएटर स्काउट ओपी चर्चा में हैं। हाल ही में सामने आए एक प्रोमो में स्काउट साथी कंटेस्टेंट लव गिल के साथ बहस के बाद अपना सिर मुंडवाते नजर आए। इस घटना ने घर के सदस्यों के साथ दर्शकों को भी हैरान कर दिया। अब स्काउट की मां ने एक भावुक वॉयस नोट जारी कर बेटे की मानसिक स्थिति और शो में उसे दिखाए जाने के तरीके पर चिंता जताई है।
बेटे को इस हालत में देखकर दुखी हुईं मां
स्काउट की टीम की ओर से शुक्रवार को जारी वॉयस नोट में उनकी मां ने दर्शकों से अपील की कि वे अधूरे प्रोमो देखकर उनके बेटे के बारे में कोई राय न बनाएं। उनका कहना है कि शो में स्काउट के निजी रिश्तों और कुछ खास मुद्दों को बार-बार दिखाया जा रहा है, जबकि उसकी पूरी बात दर्शकों तक नहीं पहुंच रही। उन्होंने कहा कि अपने बेटे को इस तरह मानसिक दबाव में देखना उनके लिए बेहद तकलीफदेह है। शो के बाहर भी उसकी अपनी जिंदगी, करियर, रिश्ते और भविष्य है। ऐसे में एडिट किए गए प्रोमो का उसके जीवन पर गहरा असर पड़ सकता है।
सलमान खान के पुराने प्रोमो का किया जिक्र
स्काउट की मां ने वॉयस नोट में सलमान खान से जुड़े एक पुराने एडिटेड प्रोमो का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि पहले भी सलमान खान को सामने आकर समझाना पड़ा था कि अधूरे प्रोमो से दर्शकों के मन में गलत धारणा बन सकती है। उन्होंने आरोप लगाया कि पुरानी क्लिप्स को बार-बार दिखाकर, बातचीत को काट-छांटकर और अलग-अलग मौकों के फुटेज जोड़कर स्काउट की गलत छवि पेश की जा रही है। उनकी मांग है कि बेटे की बात को पूरे संदर्भ के साथ दिखाया जाए।
लव से बहस के बाद मुंडवाया सिर
हालिया प्रोमो में स्काउट और लव के बीच तीखी बहस होती दिखाई गई है। इसके बाद स्काउट गार्डन एरिया में नकली सांप के ढांचे पर चढ़ जाते हैं। उदिति उन्हें नीचे उतरने के लिए कहती हैं। बाद में स्काउट बाथरूम में जाकर अपना सिर मुंडवा लेते हैं। इस दौरान बैकग्राउंड में फिल्म 'कबीर सिंह' का गाना 'बेख्याली' सुनाई देता है। स्काउट के इस कदम से लव हैरान रह जाती हैं। वहीं, प्रोमो में स्काउट को रोते हुए भी दिखाया गया है।
मां ने दर्शकों से की खास अपील
स्काउट की मां ने कहा कि वह अपने बेटे के लिए कोई विशेष व्यवहार नहीं चाहतीं, बल्कि सिर्फ निष्पक्षता और अपनी बात रखने का मौका चाहती हैं। उन्होंने दर्शकों से अपील की कि किसी भी नतीजे पर पहुंचने से पहले पूरा एपिसोड जरूर देखें। उनके मुताबिक, किसी शो का प्रमोशनल कंटेंट भी किसी व्यक्ति की छवि और मानसिक स्वास्थ्य पर लंबे समय तक असर डाल सकता है।
ये भी पढ़ें: खरना में क्यों बनाई जाती है गुड़ की खीर? जानें इसका धार्मिक महत्व