मिडिल ईस्ट में जारी तनाव के बीच सऊदी अरब और यमन से जुड़ा घटनाक्रम चिंता बढ़ा रहा है। सऊदी प्रशासन के मुताबिक, मक्का की दिशा में आ रहे एक ड्रोन को मार गिराया गया है। घटना के बाद पवित्र शहर मक्का में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई और लोगों के लिए विशेष चेतावनी जारी की गई। सऊदी सिविल डिफेंस ने लोगों से प्रशासन की ओर से जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील की है। अधिकारियों ने कहा कि किसी भी संभावित खतरे की स्थिति में लोग सुरक्षित स्थानों पर चले जाएं और खतरा पूरी तरह समाप्त होने तक घरों या इमारतों से बाहर निकलने से बचें। प्रशासन ने नागरिकों से शांत रहने और आधिकारिक निर्देशों का पालन करने को कहा है।
यमन में बढ़ती हिंसा से हालात गंभीर
इस बीच यमन में हूती विद्रोहियों और सऊदी समर्थित बलों के बीच संघर्ष तेज होने की खबरें सामने आ रही हैं। हूतियों की ओर से सैन्य कार्रवाई से जुड़ा एक वीडियो भी जारी किया गया है, हालांकि इसके दावों और वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है। रिपोर्टों के मुताबिक, हालिया हिंसा में लगभग 500 लोगों की मौत हुई है। वहीं, 3 से 9 सितंबर के बीच 43 बच्चों के मारे जाने या घायल होने की जानकारी भी सामने आई है। लगातार जारी संघर्ष का सबसे ज्यादा असर आम नागरिकों पर पड़ रहा है।
Breaking: #Saudi Air Defense intercepted and destroyed a drone that entered #Mecca's airspace. The Saudi-led military coalition in #Yemen says the "attempt to target Mecca with a drone will remain a black mark in the record of Houthi violations" and that the security of the holy…
— Ahmed Quraishi (@_AhmedQuraishi) September 15, 2026
करीब 94 हजार लोग हुए विस्थापित
हिंसा बढ़ने के बाद यमन में बड़े पैमाने पर लोगों को अपने घर छोड़ने पड़े हैं। उपलब्ध रिपोर्टों के अनुसार, करीब 94 हजार लोग विस्थापित हुए हैं, जबकि 2 हजार से ज्यादा लोग समुद्र के रास्ते जिबूती पहुंच चुके हैं। हालात का असर समुद्री मार्गों पर भी दिखाई दे रहा है। बाब-अल-मंदेब जलडमरूमध्य में जहाजों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ी है। यह मार्ग अंतरराष्ट्रीय व्यापार के लिए बेहद महत्वपूर्ण है, इसलिए यहां तनाव बढ़ने से क्षेत्रीय ही नहीं, बल्कि वैश्विक सप्लाई और व्यापार पर भी असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है।
लंदन में विजय का क्रेज, द शार्ड के बाहर जुटे फैंस; फिर क्यों कैंसिल हुआ इवेंट?
लंबे गृहयुद्ध की आशंका गहराई
यमन में लगातार बिगड़ते सुरक्षा हालात ने देश के दोबारा लंबे और व्यापक गृहयुद्ध की ओर बढ़ने की आशंका को मजबूत किया है। ऐसे में मक्का की ओर ड्रोन पहुंचने की घटना ने सऊदी अरब की सुरक्षा चिंताओं को भी बढ़ा दिया है। फिलहाल सऊदी अधिकारियों का कहना है कि मक्का की ओर बढ़ रहे ड्रोन को रास्ते में ही नष्ट कर दिया गया। इसके बाद शहर में एहतियात के तौर पर अलर्ट जारी किया गया है और लोगों को सुरक्षा संबंधी निर्देशों का पालन करने को कहा गया है।