काम करते समय हर छोटी बात के लिए कीबोर्ड पर टाइप करने की जरूरत अब कम हो सकती है। Fireflies.ai ने अपना नया वॉइस टूल Talk पेश किया है, जिसकी मदद से यूजर बोलकर टेक्स्ट लिख सकता है। खास बात यह है कि तैयार हुआ टेक्स्ट उसी जगह दर्ज होता है, जहां आमतौर पर कीबोर्ड से टाइप किया जाता है।

हर बार टाइप करने की जरूरत नहीं

ईमेल तैयार करना हो, Slack पर किसी मैसेज का जवाब देना हो, डॉक्यूमेंट में कुछ लिखना हो या किसी AI टूल के लिए प्रॉम्प्ट तैयार करना हो, इन सभी कामों के लिए Talk का इस्तेमाल किया जा सकता है, यानी यूजर को हर बार टाइप करने के बजाय अपनी बात बोलने की सुविधा मिलती है।

Fireflies.ai Talk कैसे करता है काम?

Talk फिलहाल Mac और Windows के लिए उपलब्ध Fireflies.ai के डेस्कटॉप ऐप के जरिए काम करता है। यूजर एक कीबोर्ड शॉर्टकट की मदद से इस फीचर को एक्टिवेट कर सकता है और इसके बाद जिस ऐप में वह काम कर रहा है, वहीं बोलकर टेक्स्ट दर्ज कर सकता है।

यूजर की आवाज से तैयार किया गया टेक्स्ट सीधे स्क्रीन पर कर्सर की मौजूदा जगह पर दिखाई देता है। कंपनी के मुताबिक Talk को सभी प्लान्स में उपलब्ध कराया गया है और इसमें फ्री प्लान भी शामिल है।

अभी यह सुविधा Mac और Windows डेस्कटॉप ऐप तक सीमित है। कंपनी ने iOS के लिए सपोर्ट जल्द उपलब्ध कराने की बात कही है, जबकि इसके बाद Android के लिए भी वर्जन लाने की योजना है।

100 से ज्यादा भाषाओं में आवाज से टेक्स्ट

Fireflies.ai Talk की एक अहम खासियत इसका व्यापक भाषा सपोर्ट है। यह टूल 100 से अधिक भाषाओं में स्पीच को टेक्स्ट में बदलने में सक्षम है। भारतीय यूजर्स के लिए भी इसमें कई भाषाओं का विकल्प दिया गया है। इनमें हिंदी के अलावा तमिल, तेलुगु, मलयालम, कन्नड़, गुजराती, बंगाली, मराठी, पंजाबी, ओडिया और सिंधी जैसी भाषाएं शामिल हैं।

Talk केवल आवाज को लिखित शब्दों में बदलने तक सीमित नहीं है। यह बोलते समय जरूरी punctuation को खुद जोड़ सकता है और टेक्स्ट को अधिक व्यवस्थित बनाने में भी मदद करता है। ऐसे में यूजर को बोलते वक्त हर जगह कॉमा या फुल स्टॉप बताने की जरूरत नहीं पड़ती।

किन कामों के लिए इस्तेमाल कर सकते हैं Talk?

Talk को रोजमर्रा के कई डिजिटल कामों में इस्तेमाल किया जा सकता है। उदाहरण के तौर पर:

- ईमेल लिखने के लिए

- Slack मैसेज तैयार करने या जवाब देने के लिए

- डॉक्यूमेंट में नया कंटेंट जोड़ने के लिए

- AI टूल्स में प्रॉम्प्ट लिखने के लिए

Slack के मामले में यह फीचर और उपयोगी हो सकता है। किसी टीम मेंबर या ग्रुप का नाम बोलने पर Talk उसे संबंधित @mention में बदल सकता है।

प्राइवेसी को लेकर Fireflies.ai का दावा

वॉइस-आधारित टूल्स के इस्तेमाल में प्राइवेसी एक अहम मुद्दा है। Fireflies.ai के अनुसार Talk में डिक्टेशन से जुड़ा डेटा डिवाइस पर रहता है। कंपनी का कहना है कि ऑडियो को ट्रांसक्रिप्शन के लिए प्रोसेस किया जाता है, लेकिन तैयार किया गया टेक्स्ट स्टोर नहीं किया जाता।

कंपनी यह भी कहती है कि Talk से तैयार टेक्स्ट का इस्तेमाल उसके AI मॉडल्स को ट्रेन करने के लिए नहीं किया जाता। Fireflies.ai ने इस फीचर को SOC 2 Type II, GDPR और HIPAA जैसे प्राइवेसी और सिक्योरिटी मानकों के अनुरूप होने का भी दावा किया है।

 

ये भी पढ़ें- Dev Day 2026 : अब AI सिर्फ जवाब नहीं देगा…काम भी करेगा; OpenAI ने लॉन्च किए Dots एजेंट