Airtel Buy 1 Get 1 Free Offer: मोबाइल रिचार्ज का खर्च कम करने के लिए Airtel यूजर्स के लिए अच्छी खबर है। टेलीकॉम कंपनी अपने कुछ चुनिंदा प्रीपेड ग्राहकों को Buy 1 Get 1 Free ऑफर दे रही है। इस ऑफर के तहत 349 रुपये और 399 रुपये वाले प्लान पर एक रिचार्ज कराने के बाद दूसरा रिचार्ज बिल्कुल फ्री मिल सकता है। यानी यूजर्स को एक बार पैसे खर्च करके करीब 56 दिनों तक रिचार्ज की वैलिडिटी का फायदा मिल सकता है। हालांकि, यह ऑफर फिलहाल सभी ग्राहकों के लिए उपलब्ध नहीं है।

Airtel का ऑफर कैसे करें चेक?

Airtel का यह खास ऑफर सीमित समय के लिए Airtel Thanks ऐप पर उपलब्ध है। इसे चेक करने के लिए यूजर्स को अपने स्मार्टफोन में Airtel Thanks ऐप खोलना होगा। इसके बाद 349 रुपये या 399 रुपये वाले रिचार्ज प्लान पर नजर डालें। अगर प्लान के साथ '1+1 Recharge Free' का टैग दिखाई देता है, तो आप इस ऑफर के लिए पात्र हैं। ध्यान रहे कि रिचार्ज करने से पहले ऑफर की सभी शर्तें जरूर पढ़ लें। Airtel ने दूसरे फ्री रिचार्ज को क्रेडिट करने के तरीके के बारे में स्पष्ट जानकारी नहीं दी है।

349 रुपये वाले प्लान में मिलेंगे ये फायदे

Airtel के 349 रुपये वाले प्रीपेड प्लान की सामान्य वैलिडिटी 28 दिन है। इसमें ग्राहकों को रोजाना 2GB हाई-स्पीड डेटा मिलता है। इसके अलावा अनलिमिटेड लोकल और STD कॉलिंग के साथ प्रतिदिन 100 SMS की सुविधा भी मिलती है। इस प्लान में योग्य क्षेत्रों में अनलिमिटेड 5G डेटा का लाभ भी दिया जाता है। साथ ही 12 महीने का Adobe Express Premium सब्सक्रिप्शन, फ्री Hellotunes और Airtel Safe जैसी सुविधाएं भी शामिल हैं।

399 रुपये वाले प्लान की खासियत

399 रुपये वाले प्रीपेड प्लान की वैलिडिटी भी सामान्य तौर पर 28 दिन है। इसकी खास बात अनलिमिटेड 4G और 5G डेटा का फायदा है। इसके अलावा अनलिमिटेड लोकल और STD कॉलिंग, रोजाना 100 SMS और 12 महीने का Adobe Express Premium सब्सक्रिप्शन मिलता है।

56 दिनों तक मिलेगा रिचार्ज का फायदा

Buy 1 Get 1 Free ऑफर के तहत पात्र ग्राहकों को दोनों प्लान में दूसरा समान रिचार्ज मुफ्त मिल सकता है। इससे कुल वैलिडिटी 28 दिन से बढ़कर 56 दिन हो सकती है। हालांकि, ऑफर की उपलब्धता और फ्री रिचार्ज मिलने की शर्तें Airtel Thanks ऐप में जरूर जांच लें।

ये भी पढ़ें: छठमय हुआ 'गया रेलवे स्टेशन!' मधुर गीतों से यात्रियों का दिल जीत लिया