Rohit Sharma Captain: हार्दिक पंड्या आधिकारिक तौर पर मुंबई इंडियंस से चले गए हैं और अगले साल पंजाब किंग्स के लिए ऑलराउंड प्रदर्शन करते नजर आएंगे। हार्दिक के बदले मुंबई को अनुभवी तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह मिले हैं, जो नई गेंद से टीम को बड़ी सफलताएं दिलाने में अहम भूमिका निभा सकते हैं।

टीम से कप्तान के जाने के बाद रोहित शर्मा को दोबारा टीम का लीडर बनाया जा सकता है। रोहित से साल 2024 में एमआई मैनेजमेंट ने कप्तानी छीन ली थी, लेकिन रोहित को दोबारा कैप्टन बनाने के अलावा मुंबई के पास दूसरा कोई विकल्प नहीं होगा, क्योंकि इस स्टार कप्तान ने ब्लू एंड गोल्ड आर्मी को दुनिया की सबसे बड़ी लीग में पांच बार चैंपियन बनाया है।

2024 में रोहित से छीनी थी कप्तानी

मुंबई इंडियंस मैनेजमेंट ने साल 2024 में रोहित शर्मा को अचानक कप्तानी से हटा दिया था और हार्दिक पंड्या को नया कप्तान नियुक्त किया। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, रोहित शर्मा को इस बारे में पहले जानकारी नहीं दी गई थी और हार्दिक के कप्तान बनने के बाद कई तरह के विवाद देखने को मिले थे।

यह साल एमआई के लिए भी निराशाजनक रहा, क्योंकि टीम अंक तालिका में सबसे निचले स्थान पर रही। इसके बाद अगले साल टीम में आपसी-तालमेल देखने को मिला और हार्दिक की अगुवाई में मुंबई प्लेऑफ तक पहुंची, लेकिन खिताब नहीं जीत सकी। इसके 2026 में टीम का प्रदर्शन फिर गिरा और ड्रेसिंग रूम में हार्दिक के खराब बर्ताव की खबरें भी आने लगी थीं। यही कारण था कि मुंबई ने हार्दिक को रोकने की ज्यादा कोशिश नहीं की।

रोहित शर्मा दोबारा बन सकते हैं कैप्टन

हार्दिक की विदाई के बाद रोहित शर्मा को दोबारा कप्तान बनाया जा सकता है। दरअसल, भारत बनाम न्यूजीलैंड के बीच तीसरे वनडे के दौरान मिचेल सेंटनर ने भी इसका हिंट दिया था। जब रोहित शर्मा और मिचेल सेंटनर हाथ मिलाने आए तो कीवी कप्तान ने रोहित को देखकर कहा थैंक्स स्किपर (धन्यवाद कप्तान)। इसके बाद कयास लगाए जाने लगे कि सेंटनर को पहले ही जानकारी मिल गई हो कि आईपीएल 2027 में रोहित ही एमआई के कप्तान होंगे, क्योंकि मिचेल भी इसी टीम से आईपीएल में खेलते हैं।

एमआई को रोहित ने जिताए 5 खिताब

रोहित शर्मा के कप्तानी रिकॉर्ड को देखें तो वह बेहद कमाल के हैं। उन्होंने साल 2013 में टीम की कमान संभाली थी और पहले ही सीजन टीम को चैंपियन बनाया था। इसके बाद साल 2015, 2017, 2019 और 2020 में मुंबई इंडियंस चैंपियन बनी और इस दौरान कप्तान रोहित शर्मा थे, लेकिन इसके बाद टीम को दोबारा पोडियम में जाना नसीब नहीं हुआ।

रोहित ने इस टीम को 163 मैचों में लीड किया है और 91 मैच जिताए हैं। वहीं, 68 मैचों में टीम को शिकस्त मिली है तो 4 मैच टाई रहें हैं। रोहित की कप्तानी में मुंबई इंडियंस का जीत प्रतिशत 55.82 था, जो कमाल के माने जाते हैं।

ये भी पढ़ें- मुंबई इंडियंस के हुए अर्शदीप सिंह, हार्दिक की पंजाब में एंट्री, IPL इतिहास की सबसे बड़ी ट्रेड डील कंफर्म