UP News: उत्तर प्रदेश में औद्योगिक विकास को नई रफ्तार देने की तैयारी है। लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे के आसपास अब औद्योगिक और लॉजिस्टिक कॉरिडोर विकसित किया जाएगा। इसके लिए सीएम योगी आदित्यनाथ ने एक्सप्रेसवे कॉरिडोर और आसपास के क्षेत्र को उन्नाव-शुक्लागंज विकास प्राधिकरण में शामिल करने के निर्देश दिए हैं। इस योजना के तहत करीब 470 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र में फैले 171 गांव और अचलगंज नगर पंचायत को नियोजित विकास के दायरे में लाया जाएगा। सरकार का मानना है कि इससे औद्योगिक निवेश, कारोबार और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।
470 वर्ग किलोमीटर में फैले 171 गांवों का होगा नियोजित विकास
मंगलवार को हुई उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे के आसपास के क्षेत्र की विकास संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए योजनाबद्ध तरीके से काम करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण इस कॉरिडोर का बेहतर नियोजन प्रदेश के आर्थिक विकास को आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभा सकता है।
बैठक में उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीसीडा) के अधिकारियों ने बताया कि यूपीसीडा की सीमा और लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे के तीन किलोमीटर दक्षिण के बीच लगभग 470 वर्ग किलोमीटर का क्षेत्र आता है। इसमें 171 गांवों के साथ अचलगंज नगर पंचायत भी शामिल है।
10 साल में दोगुने से ज्यादा बढ़ा निर्मित क्षेत्र
इस इलाके में पिछले एक दशक के दौरान निर्माण और शहरी विस्तार की रफ्तार तेजी से बढ़ी है। अधिकारियों के मुताबिक, वर्ष 2015 में यहां निर्मित क्षेत्र 1,962 हेक्टेयर था। वर्ष 2020 में यह बढ़कर 2,656 हेक्टेयर हो गया, जबकि 2025 में इसका दायरा 3,902 हेक्टेयर तक पहुंच गया।
गाजियाबाद में बनेगा इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम, CM योगी ने दिए कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश
ये आंकड़े बताते हैं कि एक्सप्रेसवे के आसपास औद्योगिक और व्यावसायिक गतिविधियों के साथ आबादी और निर्माण का विस्तार भी हो रहा है। ऐसे में सरकार इस क्षेत्र को बिना नियोजन के विकसित होने देने के बजाय व्यवस्थित औद्योगिक और लॉजिस्टिक हब के रूप में तैयार करना चाहती है।
गोदाम, कोल्ड स्टोरेज और लॉजिस्टिक्स में बढ़ रहा निवेश
शुक्लागंज और आसपास के क्षेत्रों में पिछले कुछ वर्षों में गोदाम, कोल्ड स्टोरेज और लॉजिस्टिक्स सेक्टर में निवेश बढ़ा है। यही वजह है कि सरकार यहां इंटीग्रेटेड मैन्युफैक्चरिंग एवं लॉजिस्टिक क्लस्टर विकसित करने की योजना पर काम कर रही है।
इस कॉरिडोर के विकसित होने से उद्योगों को बेहतर कनेक्टिविटी और माल के भंडारण एवं परिवहन की सुविधाएं मिल सकती हैं। इससे स्थानीय कारोबारियों के साथ-साथ बड़े निवेशकों को भी फायदा मिलने की उम्मीद है।
ट्रांस गंगा सिटी से लेकर दही चौकी तक औद्योगिक विस्तार
उन्नाव पहले से ही औद्योगिक गतिविधियों का महत्वपूर्ण केंद्र बन रहा है। यूपीसीडा यहां 1,144 एकड़ में ट्रांस गंगा सिटी को इंटीग्रेटेड औद्योगिक टाउनशिप के रूप में विकसित कर रहा है।
इसके अलावा मगरवारा औद्योगिक क्षेत्र, अकरमपुर औद्योगिक क्षेत्र, दही चौकी औद्योगिक क्षेत्र और बंथर लेदर टेक्नोलॉजी पार्क में निवेश के लिए उपलब्ध जमीन सीमित होती जा रही है। ऐसे में लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे के आसपास नया औद्योगिक और लॉजिस्टिक कॉरिडोर विकसित करने की योजना को भविष्य की औद्योगिक जरूरतों से जोड़कर देखा जा रहा है।
उद्योगों के साथ रोजगार के भी खुलेंगे नए रास्ते
लखनऊ और कानपुर जैसे दो बड़े शहरों के बीच स्थित यह क्षेत्र औद्योगिक निवेश के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। कॉरिडोर के नियोजित विकास से मैन्युफैक्चरिंग, वेयरहाउसिंग, कोल्ड चेन और परिवहन से जुड़ी गतिविधियों को बढ़ावा मिल सकता है।
इसके साथ ही स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और छोटे कारोबारियों के लिए नए अवसर पैदा होने की संभावनाएं हैं। हालांकि, परियोजना का वास्तविक लाभ जमीन के नियोजन, बुनियादी सुविधाओं के विकास और निवेश प्रस्तावों के धरातल पर उतरने पर निर्भर करेगा।
और पढ़ें: गंगा एक्सप्रेसवे से यूपी में विकास की 'नई गंगा'! 12 औद्योगिक कॉरिडोर से बदलेगी तस्वीर, 47 हजार करोड़ के निवेश का लक्ष्य