झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मां और दिवंगत झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) संस्थापक शिबू सोरेन की पत्नी रुपी सोरेन का निधन हो गया है, उनके निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत कई नेताओं ने शोक व्यक्त किया और सोरेन परिवार के प्रति संवेदना जताई। प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर रुपी सोरेन के निधन पर दुख जताया, उन्होंने कहा कि रुपी सोरेन हमेशा आदिवासी समुदायों के सशक्तिकरण के लिए काम करती रहीं। पीएम मोदी ने इस दुख की घड़ी में हेमंत सोरेन, कल्पना सोरेन और पूरे परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।

हेमंत सोरेन ने भावुक पोस्ट किया शेयर

वहीं, हेमंत सोरेन ने भी अपनी मां के निधन पर भावुक पोस्ट किया, उन्होंने लिखा, “बाबा के जाने के बाद मां मेरा सबसे बड़ा सहारा थीं। आज वह सहारा भी प्रकृति की गोद में समा गया।” JMM ने भी रुपी सोरेन के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए उन्हें संघर्ष, त्याग और धैर्य की प्रतीक बताया। पार्टी ने कहा कि रुपी सोरेन ने दिवंगत दिशोम गुरु शिबू सोरेन के संघर्ष के दिनों में हमेशा उनका साथ दिया। JMM ने उनके निधन को झारखंड और देश के लिए अपूरणीय क्षति बताया।

पार्टी ने कही ये बात

पार्टी ने कहा कि मां का साया उठ जाना हेमंत सोरेन, उनके परिवार, JMM कार्यकर्ताओं और झारखंड की जनता के लिए बेहद पीड़ादायक है। JMM ने मरांग बुरु से दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार व राज्य के लोगों को इस दुख को सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने भी रुपी सोरेन के निधन पर दुख जताया, उन्होंने कहा कि झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मां के निधन की खबर बेहद दुखद है और इस कठिन समय में उनकी संवेदनाएं हेमंत सोरेन और पूरे सोरेन परिवार के साथ हैं।

ये भी पढ़ें- ऑनलाइन ग्रॉसरी स्टोर में एक्सपायर सामान मिलने से हंगामा, डिलीवरी पार्टनर्स ने किया विरोध; 14 आइटम बरामद

BRS के कार्यकारी अध्यक्ष ने भी व्यक्त की संवेदना

भारत राष्ट्र समिति (BRS) के कार्यकारी अध्यक्ष के.टी. रामा राव (KTR) ने भी हेमंत सोरेन के प्रति संवेदना व्यक्त की और दिवंगत आत्मा की शांति की प्रार्थना की। रुपी सोरेन के पार्थिव शरीर को अंतिम दर्शन के लिए मोरहाबादी स्थित मुख्यमंत्री आवास लाया गया, जहां परिजनों और अन्य लोगों ने उन्हें श्रद्धांजलि दी।