Agniveer New Rules 2026: अग्निवीर के तौर पर सेना में भर्ती होने वाले युवाओं के लिए अब तक चार साल की सेवा के दौरान शादी करना संभव नहीं था। लेकिन सेवा अवधि बढ़ाने के विकल्प के साथ इस व्यवस्था में बदलाव की चर्चा शुरू हो गई है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, चार साल का कार्यकाल पूरा करने के बाद दो साल का अतिरिक्त समय लेने वाले अग्निवीरों को शादी करने की अनुमति मिल सकती है।

इसका मतलब है कि सेना में छह साल तक सेवा देने का विकल्प चुनने वाले जवानों को परिवार बसाने का मौका मिल सकता है। हालांकि, इसके लिए उन्हें अतिरिक्त ट्रेनिंग पूरी करनी होगी। फिलहाल इस बदलाव को लेकर सरकार की ओर से कोई औपचारिक आदेश जारी नहीं हुआ है।

सेवा बढ़ाने पर बदल सकती है निजी जिंदगी से जुड़ी शर्त

अग्निपथ योजना में भर्ती होने वाले युवाओं के लिए अविवाहित होना जरूरी रखा गया था। यही नहीं, चार साल की नौकरी के दौरान भी शादी पर रोक थी। अब दो साल का सेवा विस्तार लेने वाले अग्निवीरों के लिए इस पाबंदी में छूट देने की बात सामने आई है। रिपोर्ट्स के अनुसार, सेवा विस्तार मिलने के बाद अग्निवीरों को लगभग एक महीने का प्रशिक्षण पूरा करना होगा। इसके बाद वे शादी कर सकेंगे। इस व्यवस्था को 'सेकंड टूर ऑफ ड्यूटी' नाम दिया गया है।यह बदलाव लागू होता है तो उन जवानों को राहत मिल सकती है जो सेना में अपना कार्यकाल बढ़ाने का फैसला करेंगे। लेकिन अभी यह स्पष्ट नहीं है कि इस नियम को कब से लागू किया जाएगा और इसकी पूरी प्रक्रिया क्या होगी।

पहले बैच के सामने अब सेवा जारी रखने का विकल्प

अग्निपथ योजना के तहत भर्ती हुए पहले बैच के जवानों का चार साल का कार्यकाल पूरा हो चुका है। रिपोर्ट के मुताबिक, नौसेना के पहले बैच में 25 प्रतिशत जवानों को मेरिट के आधार पर नियमित सेवा में जगह मिली है। बाकी अग्निवीरों को दो साल का अतिरिक्त कार्यकाल लेने का विकल्प दिया गया है। थलसेना और वायुसेना के पहले बैच का चार साल का कार्यकाल भी पूरा होने वाला है। ऐसे में सेवा विस्तार से जुड़े नियम इन दोनों सेनाओं के जवानों के लिए भी अहम होंगे।

छुट्टी के दिनों में भी हो सकता है इजाफा

सेवा विस्तार लेने वाले जवानों के लिए सिर्फ शादी ही नहीं, छुट्टियों की व्यवस्था में भी बदलाव की चर्चा है। अभी अग्निवीरों को साल में 30 दिन की छुट्टी मिलती है। रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि अतिरिक्त दो साल के दौरान छुट्टियों की संख्या बढ़ाकर 90 दिन सालाना की जा सकती है। हालांकि, इस प्रस्ताव की भी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। अगर ऐसा होता है तो लंबे समय तक सेवा देने वाले जवानों को परिवार के साथ समय बिताने का अधिक अवसर मिल सकता है।

योग की पढ़ाई का भी मिलेगा अवसर

अग्निवीरों के प्रशिक्षण के साथ उनके कौशल विकास पर भी काम किया जा रहा है। भारतीय वायुसेना और दिल्ली के केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय के बीच योग शिक्षा को लेकर समझौता हुआ है। इस समझौते के तहत वायुसेना में शामिल अग्निवीरों को योग की व्यवस्थित पढ़ाई और प्रमाणन का अवसर उपलब्ध कराया जाएगा। इसके लिए वायुसेना मुख्यालय में समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए हैं। शादी और छुट्टियों से जुड़े संभावित बदलावों पर अब आधिकारिक आदेश का इंतजार है। जब तक सरकार की ओर से नियम जारी नहीं होते, तब तक इन खबरों को प्रस्तावित बदलाव के तौर पर ही देखा जाना चाहिए।

यह भी पढ़ें: पहली भारत यात्रा पर दिल्ली आ रहे नेपाल के PM बालेन शाह, 23 नवंबर को मोदी से होगी मुलाकात