मोतिहारी: खबर बिहार के मोतिहारी क्षेत्र से है जहां तीन दिनों से लापता एक युवक का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया है। मामला कोटवा थाना क्षेत्र के गढ़वा खजुरिया गांव का है, जहां मंगलवार को धान के खेत में पानी से भरे गड्ढे से पुलिस को 22 वर्षीय जमालुद्दीन उर्फ अंगूर का शव मिला। जिसके बाद लोगो में डर का माहौल बना हुआ है। वही परिजनों ने युवक की हत्या कर शव को पानी में फेंके जाने की आशंका जताई है। हालांकि, पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और पूछताछ के लिए दो लोगों को हिरासत में भी ले लिया है।
तीन दिन पहले दोस्त के साथ निकला था युवक
परिजनों के मुताबिक, जमालुद्दीन उर्फ अंगूर तीन दिन पहले अपने एक दोस्त के साथ घर से निकला था। इसके बाद वह वापस नहीं लौटा। वही युवक के घर नहीं लौटने पर परिजनों को उसकी चिंता हुई और वे उसकी तलाशी में जुट गए। इसी बीच मंगलवार को ग्रामीणों ने धान के खेत में पानी भरे गड्ढे में शव देखा और इसकी सूचना पुलिस को दी। हालांकि शव मिलने की खबर फैलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। युवक की मौत की जानकारी मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई।
पुलिस और FSL की टीम ने की जांच
वही घटना की सूचना मिलने पर कोटवा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मोतिहारी सदर के एसडीपीओ जितेश पांडेय, इंस्पेक्टर सुरेश कुमार यादव, FSL की टीम और डॉग स्क्वायड भी घटनास्थल पर पहुंचे। टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाने और घटना से जुड़े तथ्यों का पता लगाने के लिए जांच-पड़ताल तेज की। हालांकि इस बीच शव की स्थिति को लेकर भी मौके पर कई तरह की चर्चाएं होती रहीं।
बता दें कि अब तक जांच में शरीर पर बाहर से चोट के कोई स्पष्ट निशान दिखाई देने की जानकारी नहीं मिली है। युवक की मौत कैसे हुई, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लिया
मोतिहारी सदर के एसडीपीओ जितेश पांडेय ने बताया कि पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है। पूछताछ के लिए दो लोगों को हिरासत में लिया गया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मोतिहारी सदर अस्पताल भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
फिलहाल परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है, लेकिन पुलिस ने अभी मौत के कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्टर: मनीष सिंह, मोतिहारी
यह भी पढ़ें: 38.3% पाकिस्तानी आबादी बुनियादी सुविधाओं से वंचित- UNDP रिपोर्ट